Headlines

“बेहतर सड़क, सुव्यवस्थित राशन और सशक्त पंचायत प्रशासन से ग्रामीण जीवन होगा सुगम ” — धरमलाल कौशिक

आधारभूत विकास को तेज़ी — बदरा और पकरिया में सड़क, पंचायत भवन व राशन दुकान का भूमिपूजन व लोकार्पण सम्पन्न

सरगांव। बिल्हा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बदरा (ठ) एवं ग्राम पंचायत पकरिया में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वर्तमान विधायक धरमलाल कौशिक रहे।

बदरा (ठ) में समग्र विकास योजना अंतर्गत 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सीसी रोड निर्माण का भूमिपूजन विधिवत पूजा‑अर्चना के साथ संपन्न हुआ। वहीं पकरिया में नवीन राशन दुकान का लोकार्पण किया गया तथा 18.30 लाख रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले पंचायत भवन का भूमिपूजन भी सम्पन्न हुआ। ये परियोजनाएँ स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों और प्रशासनिक सुगमता दोनों को ध्यान में रखते हुए आरंभ की गईं।

मुख्य अतिथि धरमलाल कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि यह पहल क्षेत्र के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि “बेहतर सड़क व्यवस्था से आवागमन सुगम होगा, पंचायत भवन के निर्माण से ग्रामीण प्रशासनिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा शासकीय उचित मूल्य दुकान से आम नागरिकों को आवश्यक सुविधाएँ और अधिक व्यवस्थित रूप से उपलब्ध होंगी।” उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति अंबालिका साहू, जिला महामंत्री मुंगेली कैलाश सिंह ठाकुर, जनपद पंचायत पथरिया उपाध्यक्ष दीपिका चंद्रशेखर कौशिक, मंडल अध्यक्ष पोषण यादव, सोसायटी अध्यक्ष कामता प्रसाद साहू, जिला मंत्री भेखचंद साहू, चंद्रशेखर कौशिक, धनेश्वरी युगल कौशिक, राजेंद्र टंडन, जमुना पाडे, देवलाल साहू, शबाना जबीन, श्रवण शर्मा, नारायण वर्मा, विशाल कौशिक, महेश साहू, मनोज साहू, उमाशंकर साहू, सरपंच ममता रमीज कुर्रे, राजकुमार साहू, पकरिया सरपंच चरण दास बंजारे, छेदु साहू, रामकुमार वर्मा, जवाहर साहू और मान जी बंजारे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अन्य उपस्थित अतिथियों ने भी कहा कि इन विकास कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएँ मिलेंगी और गांवों के समग्र विकास को नई दिशा प्राप्त होगी। उन्होंने शासन की जनहितैषी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *