न.प.अध्यक्ष परमानंद की मांग पर सरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को विधायक मद से मिला डेड बॉडी फ्रीजर बॉक्स
सरगांव- बिल्हा विधानसभा क्षेत्र नगर पंचायत सरगांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को डेड बॉडी फ्रीजर बॉक्स प्रदान किया गया। यह फ्रीजर बॉक्स क्षेत्रीय विधायक धरमलाल कौशिक द्वारा विधायक मद से उपलब्ध कराया गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से अस्पताल में शव संरक्षण के लिए पर्याप्त सुविधा न होने के कारण परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब इस सुविधा के शुरू होने से शवों को सुरक्षित रखने में आसानी होगी।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में फ्रीजर बॉक्स स्वास्थ्य केंद्र प्रबंधन को सौंपा गया। इस अवसर पर विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि आमजन की प्राथमिक सुविधाओं के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से यह सहयोग दिया गया है।

स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों, कर्मचारियों व क्षेत्र की जनता ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि डेड बॉडी फ्रीजर बॉक्स मिलने से अस्पताल की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। साथ ही दूर-दराज से आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को भी राहत मिलेगी। जिला पंचायत सभापति अंबालिका साहू ने इस जनहितकारी कार्य के लिए आभार व्यक्त किया। ज्ञात हो कि नगर पंचायत अध्यक्ष परमानन्द साहू द्वारा क्षेत्र की समस्या को ध्यान में रखते हुए यह मांग की गई थी, जिस पर विधायक महोदय ने विषय को गंभीरता से लेते हुए शव फ्रिजर उपलब्ध करवाया।

अध्यक्ष ने नगरवासियों की ओर से विधायक कौशिक को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। परमानन्द साहू ने कहा कि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक जी के द्वारा नगर पंचायत सरगांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विधायक मद से एक नग शव फ्रीजर की व्यवस्था की गई। यह जनहित एवं संवेदनशीलता से जुड़ा अत्यंत सराहनीय कार्य है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में बड़ी राहत एवं सुविधा प्राप्त होगी। इस मानवीय पहल हेतु माननीय विधायक जी का क्षेत्रवासियों की ओर से हृदय से आभार एवं धन्यवाद।

इस दौरान डॉ. सत्येन्द्र जायसवाल, नरेंद्र शर्मा, न.प. अध्यक्ष परमानन्द साहू, रणजीत सिंह हूरा, शिव पाण्डेय, राजेन्द्र साहू, काली कौशिक, रामकुमार कौशिक, उदित साहू, निखिल कौशिक, पवन साहू, दुर्गेश वर्मा, समर जुनेजा, तरुण अग्रवाल, करण कौशल, महेश साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य केंद्र प्रबंधन ने बताया कि फ्रिजर बॉक्स के मिलने से संवेदनशील मामलों में शवों को सम्मानपूर्वक रखने, प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सुविधा और आपात स्थितियों में प्रभावी संचालन संभव होगा।


