Headlines

सरगांव पुलिस ने दिखाई सख्ती: बैतलपुर हत्याकांड का पर्दाफाश, आरोपी गौरेला चर्च के पास हिरासत में

सरगांव: थाना सरगांव में दिनांक 09.05.2026 को दर्ज प्राथमिकी के बाद सरगांव पुलिस ने बैतलपुर के पास पिकअप केबिन में हुए विवाद और उसके बाद हुई हत्या के मामले का सफल पर्दाफाश कर एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। प्रार्थी रूपेश कुमार प्रधान (उम्र 22) निवासी ग्राम सरवन देवरी, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर ने बताया कि दिनांक 08.05.2026 की रात बारात से लौटते समय बैतलपुर के पास पिकअप वाहन के ऊपर केबिन में बैठे सुधीर केवट व रवि वर्मा को नीचे उतरने के लिए कहा गया तो वे नाराज होकर गाली-गलौज व विवाद शुरू कर दिया।

विवाद के दौरान आरोपी सुधीर केवट ने चाकू से लक्ष्मी प्रसाद प्रधान (प्रार्थी का बड़ा भाई) के पेट में घातक वार किया। बीच-बचाव करने आए सूरज कश्यप को भी बाएं हाथ की बगल में वार किया गया। घायलों को सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया, जहां लक्ष्मी प्रसाद की मृत्यु हो गई; सूरज कश्यप का उपचार जारी है। प्रार्थी ने दिनांक 09.05.2026 को थाना सरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिस पर अपराध धारा 296, 103(1), 109, 3(5) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना आरंभ की गई।

मुंगेली वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व उप पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में साइबर सेल एवं थाना सरगांव की संयुक्त टीम ने मुखबिर सूचनाओं, तकनीकी सहायता और लगातार पतासाजी के जरिए जांच तेज की। टीम ने दिनांक 16.05.2026 को गौरेला चर्च के पास घेराबंदी कर आरोपी सुधीर केवट (पुत्र रामावतार, उम्र 20, निवासी लखराम, थाना रतनपुर) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। घटना में प्रयुक्त चाकू गवाहों के समक्ष जप्त कर विधिवत प्राथमिकी के आधार पर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की तलाशी एवं गिरफ्तारी की प्रक्रिया जारी है।

पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक संतोष शर्मा (थाना प्रभारी सरगांव), उपनिरी. सतेन्द्रपुरी गोस्वामी (सायबर सेल प्रभारी), प्रधान आरक्षक यशवंत डाहिरे, आरक्षक राहुल यादव, हकीम अली, आसिफ खान, रिपीन बनर्जी और राकेश बंजारे की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *