पथरिया के किरना में सुशासन तिहार: पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक हुए शामिल, ग्रामीणों को 27 लाख की खेल सुविधा और मिडिल स्कूल भवन की सौगात
मदकू में नेटबॉल कोर्ट, किरना में नया स्कूल भवन; 7 ग्रामों में बोरखनन की घोषणा
सरगांव। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा से सुशासन तिहार के तहत शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने हेतु समाधान शिविर आयोजित हो रहे हैं। पथरिया विकासखंड के ग्राम किरना में आयोजित ऐसे ही शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और मौके पर लाभ उठाया। बिल्हा विधायक व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मुख्य अतिथि रहे।उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

श्री कौशिक का संबोधन और घोषणाएं—
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कौशिक ने कहा कि “सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना है। जनता के दरवाज़े तक शासन को पहुँचाना ही भाजपा का संकल्प है। सुशासन तिहार आमजनों के लिए उम्मीद की नई किरण बन गई है। जिसके माध्यम से निरंतर त्वरित समाधान किया जा रहा है। शासन और जनता के मध्य परस्पर संवाद स्थापित करने की दृष्टि से आज का यह कार्यक्रम सराहनीय है। पहले जहां जनता को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं को लेकर विभागों के चक्कर लगाने पड़ते थे, वहीं आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार में समस्याएं अब गांव में ही हल हो रही हैं। यही है अंत्योदय की भावना और सुशासन का संकल्प।”

उन्होंने शिविर में सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति का उल्लेख कर लोगों से आयुष्मान कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित सुरक्षा संबंधी योजनाओं का लाभ लेने को प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना एवं प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना पर भी जोर दिया। ग्रामीणों की मांग पर देवाकर, चंदखुरी, किरना स्कूल, करही, बिदबिदा, ठेलकी व लमती में नए बोरखनन की घोषणा की, जिससे पेयजल समस्या से निजात मिलेगी।

इसके अलावा ग्राम मदकू में नेटबॉल कोर्ट के लिए 7 लाख, शेड के लिए 15 लाख तथा मैदान समतलीकरण के लिए 5 लाख रुपये (कुल 27 लाख) और किरना में नए मिडिल स्कूल भवन निर्माण की सौगात दी। ग्राम बासीन में अटल डिजिटल सुविधा केंद्र स्थापित करने की भी घोषणा की। शिविर में 21 ग्रामों से आए ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से संवाद कर समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। दो हितग्राहियों को 5 लाख तक की आयुष्मान कार्ड सुविधा प्रदान की गई।

प्रशंसा व चेतावनी–
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर कुंदन कुमार ने उत्कृष्ट कार्य के लिए पटवारी रमेश कौशिक व उषा बघेल की सराहना की। वहीं, नगपुरा पंचायत के तकनीकी सहायक, सचिव, रोजगार सहायक व पटवारी को कोताही बरतने पर नोटिस जारी किए।

प्रमुख अतिथि व लाभ वितरण—
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर कुंदन कुमार, जि.प.सीईओ प्रभाकर पांडेय, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र शर्मा,जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर, सरगांव नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू, मंडल अध्यक्ष पोषण यादव, जनपद अध्यक्ष चितरेखा जांगड़े, उपाध्यक्ष दीपिका कौशिक, जि.प. सभापति अंबालिका साहू,रामकुमार कौशिक,जनपद सदस्य मनीष साहू व रिजवान हक सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

शिविर में हितग्राहियों को भारी लाभ मिला–
स्वच्छ भारत मिशन के 11 स्वीकृति आदेश, 3 सुपोषण किट, 13 स्वसहायता समूहों को चेक, 15 केसीसी चेक, 11 राशन कार्ड, 10 अरहर मिनी किट, 8 आयुष्मान-वय वंदना कार्ड, 2 आइस बॉक्स-जाल, 12 फलदार पौधे, 12 पेंशन स्वीकृति पत्र, 10 श्रम कार्ड। उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित कर अन्य को गणवेश वितरित किए गए।



