Headlines

नासिक में संत समिति की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न, महंत रामरूप दास महात्यागी बने छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष

सरगांव – गत दिवस नासिक में आयोजित अखिल भारतीय संत समिति की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक देश भर से आए दो सौ संत,महंत, आचार्य, महामण्डलेश्वरों की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुई।
इस महत्वपूर्ण बैठक में
2027 नासिक सिंहस्थ कुंभ की तैयारी, आंतरिक सुरक्षा, धर्मांतरण,लव जेहाद, हिन्दू आचार संहिता
विषय पर अखिल भारतीय संत समिति की राष्ट्रीय कार्यसमिति के इस बैठक में गहन चिंतन हुआ। साथ ही
संत समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया तथा संगठन के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।


बैठक के दौरान संत समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अविचलदेवाचार्य जी ने महंत रामरूप दास महात्यागी जी (श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप मदकू)को अखिल भारतीय संत समिति के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी। इस घोषणा के साथ ही उपस्थित संतों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं प्रदान कीं।
इस अवसर पर संत समिति के राष्ट्रीय महामंत्री जितेन्द्रानंद सरस्वती, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र पुरी, राजेन्द्रदास, नरेन्द्र दास (राजनांदगांव), सर्वेश्वर दास (कोटमी सोनार), राधेश्याम दास (सेतगंगा, मुंगेली), जितेन्द्रानंद गिरी एवं राधे-राधे बाबा सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहे।
बैठक में संत समाज की एकजुटता, धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना के प्रसार पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि संत समाज सदैव राष्ट्र एवं समाज के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है और भविष्य में भी यह परंपरा निरंतर जारी रहेगी।
अंत में नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष महंत रामरूप दास महात्यागी जी ने संत समिति के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे तथा छत्तीसगढ़ में संत समिति को और अधिक सशक्त बनाने हेतु सतत प्रयासरत रहेंगे।
श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप सेवा समिति मदकू और राधा कृष्ण मंदिर सेवा समिति मदकू के पदाधिकारियों के द्वारा महंत रामरूप दास महात्यागी जी की इस उपलब्धि पर मंगलकामनाएं प्रेषित करते हुए हर्ष व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *