Headlines

झझपुरी में जैतखंभ जलाने वाला आरोपी राजेश साहू गिरफ्तार, मुंगेली पुलिस ने 3 दिनों में खुलासा कर भेजा जेल

लोरमी। ग्राम झझपुरी में ठाकुर देव चौक स्थित जैतखंभ को जलाने की घटना के मात्र 3 दिनों में मुंगेली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना लोरमी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेश साहू को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

दिनांक 16-17 जनवरी 2026 की रात्रि को ग्राम झझपुरी में अज्ञात व्यक्ति ने जैतखंभ को आग लगा दी थी। सूचना पर स्थानीय निवासी अंगद अंचल ने थाना लोरमी में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर अपराध क्रमांक 18/26 धारा 298, 326(जी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस की तत्काल कार्रवाई और खुलासा

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी भोजराम पटेल ने अति.पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल और उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, फॉरेंसिक टीम बुलाई, आसपास के लोगों के बयान लिए और सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

मेडिकल दुकान के सीसीटीवी में जैकेट पहने संदिग्ध का फुटेज मिला, जिसकी पहचान ग्रामीणों ने राजेश साहू (उम्र 35 वर्ष, पिता स्व. दाउलाल साहू, निवासी झझपुरी कला) के रूप में की। पूछताछ में राजेश ने कबूल किया कि जयंती कार्यक्रम के दौरान सतनामी समाज के कुछ लोगों द्वारा शराब के नशे में मारपीट करने से आहत होकर उसने जैतखंभ जला दिया। उसके घर और बाड़ी से मिट्टी का तेल, माचिस और चेहरा छिपाने के कपड़े जब्त किए गए।

20 जनवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

सतनामी समाज की मांग पूरी, एसपी की अपील

सतनामी समाज ने सोशल मीडिया पर 3 दिनों में आरोपी गिरफ्तारी की मांग की थी, जिसे पुलिस ने समयसीमा से पहले पूरा कर लिया। एसपी भोजराम पटेल ने अपील की है कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्ती बरती जाए और सामाजिक सौहार्द बनाए रखा जाए।

कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मी: निरी. अखिलेश कुमार वैष्णव (प्रभारी थाना लोरमी), निरी. प्रसाद सिन्हा (प्रभारी साइबर सेल), निरी. रघुवीर चंद्रा (प्रभारी थाना चिल्फी), उप निरी. अमित गुप्ता, उप निरी. सुंदर लाल गोरले, उप निरी. सतेन्द्रपुरी गोस्वामी एवं स्टाफ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *