Headlines

धान खरीदी पर बड़ी कार्रवाई: 14 राइस मिल सील, 12 हजार क्विंटल से अधिक धान जब्त

मुंगेली, 15 जनवरी 2026. धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। राज्य आईसीसीसी से प्राप्त अलर्ट और मुख्य सचिव श्री विकासशील के निर्देशों पर अमल करते हुए कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर श्री जी.एल.यादव सहित राजस्व, पुलिस एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने जिले की विभिन्न राइस मिलों पर छापामार कार्रवाई की।

जांच में ओवरलोडिंग, रिसायक्लिंग सहित कस्टम मिलिंग में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। मुंगेली के उपलेटा राइस मिल, नवागांव घुठेरा रोड स्थित नेशनल दाल मिल, पंडरिया रोड स्थित वर्धमान मिलिंग इंडस्ट्रीज, जैन राइस इंडस्ट्रीज एवं नवकार दाल उद्योग में गड़बड़ी पाए जाने पर 12 हजार क्विंटल से अधिक धान जब्त कर लिया गया। नवागढ़ रोड स्थित दीपक राइस इंडस्ट्रीज एवं दीपक मिलिंग इंडस्ट्रीज में 198 क्विंटल से अधिक धान की कमी तथा लोरमी रोड स्थित एसएस फूड में 1761 क्विंटल से अधिक धान की कमी सामने आई।

आईसीसीसी से सतत निगरानी, अवैध परिवहन पर रोक

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में मिलर्स द्वारा समितियों से धान उठाव की प्रक्रिया पर आईसीसीसी कमांड सेंटर से नजर रखी जा रही है। जीपीएस ट्रैक से वाहनों की मॉनिटरिंग हो रही है। यदि कोई वाहन अधिक देर रुकता है, मार्ग बदलता है या ओवरलोड होता है, तो तत्काल अलर्ट मिलता है। जिला सीमाओं, चेक पोस्टों पर चौकसी बढ़ाई गई है। रात्रिकालीन गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच तेज कर दी गई। जिले में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित कर रियल टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा रही है।

जिला खाद्य अधिकारी श्री हुलेश डड़सेना ने बताया कि छत्तीसगढ़ चावल उपार्जन आदेश एवं मोटर वाहन अधिनियम के तहत 19 राइस मिलों पर कार्रवाई हो रही है, जिसमें 14 मिलें सील कर दी गईं।

पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता: कलेक्टर

कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने कहा कि धान खरीदी में पारदर्शिता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी गड़बड़ी, बिचौलियों की भूमिका या फर्जीवाड़े पर सख्त कार्रवाई होगी। शासन मानकों के अनुसार किसानों का एक-एक दाना धान खरीदा जाएगा और उनकी कमाई समय पर खाते में पहुंचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *