मुंगेली। एसटी इलेक्ट्रिकल्स प्राइवेट लिमिटेड के स्टोर से चोरी हुए करीब 1.38 लाख रुपये के विद्युत पार्ट्स की 24 घंटे के अंदर बरामदगी कर मुंगेली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की।
प्रार्थी सौरभ श्रीवास (26 वर्ष), जो कंपनी के स्टोर इंचार्ज हैं, ने 13 जनवरी 2026 को दोपहर स्टॉक रजिस्टर चेक करने पर चोरी का पता लगाया। गायब सामान में 4 नग वी कास आर्म, 4 बंडल स्टे वायर, 4 बंडल जीआई तार, 140 अर्थिंग कॉइल, 6 बोरी नट बोल्ट, 140 नग स्टे क्लैंप, 1 बोरी स्क्वायर वाइजर, 1 बोरी थिंबल, 1 बोरी बैंक क्लैंप और 1 बोरी डिसमेंटल पार्ट्स शामिल थे, जिनकी कीमत 1,38,774 रुपये आंकी गई। प्रार्थी हांफा (बिलासपुर) के निवासी हैं, लेकिन मुंगेली के शिक्षक नगर में रहते हैं।

पुलिस की फटाफट जांच: एसपी भोजराम पटेल ने जिले भर के थाना-चौकी प्रभारियों को चोरी के मामलों में शत-प्रतिशत बरामदगी और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए, साथ ही रात्रि गश्त बढ़ाने को कहा। इसके अनुपालन में अतिपुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, मयंक तिवारी और उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली और साइबर सेल की टीम ने मुखबिर सूचना पर गडगडिया नाला के पास असगर खान की कबाड़ी दुकान पर दबिश दी। पूछताछ में असगर ने बताया कि 11 जनवरी को कंपनी कर्मचारी तामरज साहू और भुनेश्वर साहू ने 12.55 क्विंटल लोहे का सामान 25,100 रुपये में बेचा था। गवाहों के समक्ष चोरी का सारा माल जब्त कर लिया गया।
आरोपियों से पूछताछ में भुनेश्वर साहू के पास से 2,000 रुपये और तामरज साहू के पास से 4,600 रुपये नकदी बरामद हुई। थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 17/26 धारा 303(2), 317(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर 14 जनवरी को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:
1.असगर खान (43 वर्ष), पुत्र स्व. जारद, निवासी मुंगेली।
2.तामरज साहू (21 वर्ष), पुत्र नंदराम, निवासी झाल, थाना नवागढ़, जिला बेमेतरा।
3.भुनेश्वर साहू (25 वर्ष), पुत्र राजेंद्र, निवासी झाल, थाना नवागढ़, जिला बेमेतरा।
टीम का योगदान: इस सफलता में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (साइबर सेल प्रभारी), सउनि कार्तिकेश्वर जांगड़े, सउनि मधुकर रात्रे, सउनि ईश्वर राजपूत, प्र.आरक्षक यशवंत डाहिरे, नोखेलाल कुर्रे, नरेश यादव, राजेश बंजारे, लोकेश्वर कौशिक और सिटी कोतवाली-साइबर सेल स्टाफ की अहम भूमिका रही।


