Headlines

जयपुर में जूनियर मिस इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में बिलासपुर की वैभवी सिंह ठाकुर बनीं मिस फोटोजेनिक, टॉप–5 में दर्ज की शानदार मौजूदगी

बिलासपुर – बिलासपुर शहर  की माटी में जन्मी और यहीं से अपने सपनों को आकार देने वाली होनहार बेटी वैभवी सिंह ठाकुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय मंच पर बिलासपुर और छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित किया है। बच्चों की प्रतिभा के सबसे बड़े राष्ट्रीय मंच जूनियर मिस इंडिया 2026 प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले का आयोजन 6 से 8 जनवरी 2026 तक जयपुर (राजस्थान) में किया गया, जिसमें देशभर से 179 प्रतिभाशाली बच्चों ने भाग लिया। इस कड़े और प्रतिष्ठित मुकाबले में 14 वर्षीय वैभवी सिंह ठाकुर, जो कि बिलासपुर निवासी हैं तथा श्री पद्माक्षी ग्लोबल स्कूल, बिलासपुर में कक्षा नवीं की छात्रा हैं, ने अपने आत्मविश्वास, प्रतिभा और प्रभावशाली प्रस्तुति के बल पर प्रतियोगिता में शीर्ष पाँच (टॉप–5) में अपना स्थान सुनिश्चित किया। इसके साथ ही उन्होंने “मिस फोटोजेनिक” का खिताब जीतकर बिलासपुर को राष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि दिलाई।

जूनियर मिस इंडिया 2026 प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का मूल्यांकन केवल सौंदर्य के आधार पर नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, संवाद कौशल, मंच संचालन, रचनात्मकता और सांस्कृतिक समझ के आधार पर किया गया। वैभवी ने हर चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए निर्णायकों और दर्शकों को प्रभावित किया। विशेष रूप से उन्होंने छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और विशेषताओं को राष्ट्रीय मंच पर जिस आत्मविश्वास और गरिमा के साथ प्रस्तुत किया, वह सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। महज 14 वर्ष की आयु में इस स्तर की उपलब्धि हासिल करना वैभवी की असाधारण प्रतिभा और दृढ़ इच्छाशक्ति को दर्शाता है।

उनकी यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि आधुनिक सोच और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ाव यदि साथ-साथ हो, तो सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। वैभवी ने यह सिद्ध कर दिया कि सपनों को पूरा करने के लिए बड़े शहर या विशेष संसाधनों की नहीं, बल्कि निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और मजबूत संकल्प की आवश्यकता होती है। लगातार राष्ट्रीय मंचों पर सफलता अर्जित कर रही वैभवी सिंह ठाकुर ने बहुत कम उम्र में वह मुकाम हासिल कर लिया है, जिसकी कामना कई लोग वर्षों तक करते रहते हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे बिलासपुर और छत्तीसगढ़ के लिए भी सम्मान का क्षण है।

अपनी सफलता पर वैभवी ने भावुक होते हुए इसका श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों, शिक्षकों, मित्रों तथा समस्त बिलासपुरवासियों के स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के विश्वास और प्रोत्साहन ने उन्हें हर मंच पर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। वैभवी सिंह ठाकुर की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *