संयुक्त आयुक्त संजय शर्मा ने स्कूली बच्चों को किया जागरूक
मुंगेली। जिला मुंगेली के स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल सरगांव में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। संयुक्त आयुक्त एवं अध्यक्ष अंतर्विभागीय लीड एजेंसी सड़क सुरक्षा छ.ग. श्री संजय शर्मा (सहायक पुलिस महानिरीक्षक यातायात) ने स्कूली बच्चों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

एसपी भोजराम पटेल के निर्देशन में पैंफलेट वितरण
पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में यातायात पुलिस मुंगेली ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को जागरूकता पैंफलेट वितरित किए। यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक महेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार जिले में स्कूल, कॉलेज एवं सार्वजनिक स्थानों पर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

हेलमेट-सीटबेल्ट अनिवार्य, नशा-फ्रॉड से सावधान
कार्यक्रम में श्री संजय शर्मा ने बच्चों को बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, शराब सेवन कर वाहन न चलाने, तेज गति से न चलाने, सिग्नल जंप न करने और नाबालिगों को वाहन न चलाने की सलाह दी। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली परेशानियों से अवगत कराया तथा दुर्घटनाओं से बचने के उपाय बताए। इसके अलावा साइबर फ्रॉड और नशे से दूर रहने की हिदायत दी गई। स्कूल प्राचार्य से छात्रों-शिक्षकों के बीच यातायात नियमों पर संगोष्ठी आयोजित करने की अपील भी की गई।

उक्त कार्यक्रम में उपनिरीक्षक महेश कुमार मिश्रा (यातायात प्रभारी),राजकुमार तिवारी प्राचार्य समस्त शिक्षकगण एवं पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।


