Headlines

मुंगेली पुलिस का ‘पहल’ अभियान: व्यापारियों को साइबर फ्रॉड, यातायात सुरक्षा और नशामुक्ति पर जागरूक किया

मुंगेली में चेंबर ऑफ कॉमर्स के साथ बैठक, साइबर अपराध से नशा रोकथाम तक गहन चर्चा

मुंगेली। पुलिस अधीक्षक कार्यालय मुंगेली के सभा कक्ष में छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। यह बैठक जिले में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘पहल’ जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत हुई, जिसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों, नशा एवं ड्रग्स के दुष्प्रभावों तथा नवीन कानूनों की जानकारी देकर समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाना था।

साइबर अपराधों पर विशेष जोर, 1930 नंबर पर तत्काल शिकायत की अपील

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और व्यापारी वर्ग भी इसका शिकार हो रहा है। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड या बैंकिंग धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत साइबर टोल-फ्री नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना से अपराधियों तक पहुंच बनाई जा सकती है और पीड़ित की राशि भी सुरक्षित हो सकती है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे खुद सतर्क रहें और ग्राहकों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

यातायात नियमों का सख्त पालन, होर्डिंग और कैमरा व्यवस्था पर निर्देश

यातायात सुरक्षा पर गंभीर चिंता जताते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में अधिकांश मौतें लापरवाही से होती हैं। नाबालिगों को वाहन न दें, हेलमेट-सिट बेल्ट लगाएं, गति सीमा का पालन करें और दस्तावेज पूरे रखें। व्यापारियों को निर्देश दिए कि दुकानों की होर्डिंग किनारे या ऊपर लगाएं ताकि दोपहिया पार्किंग हो सके और यातायात सुगम रहे। दाऊपारा चौक से बालानी-पड़ाव चौक तक दुकानों के कैमरे सही ढंग से लगाएं, ताकि घटनाओं पर नजर रखी जा सके। मेडिकल स्टोर संचालकों से नशीली दवाओं न रखने की अपील की गई।

नशामुक्ति पर संकल्प, व्यापारियों ने पुलिस का साथ देने का वादा किया

बैठक में नशा एवं ड्रग्स के दुष्प्रभावों पर विस्तृत चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज को बर्बाद करता है, खासकर युवा वर्ग इसका शिकार हो रहा है। व्यापारिक संगठनों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की। छ.ग. चेंबर ऑफ कॉमर्स ने ‘पहल’ अभियान की सराहना करते हुए नशामुक्ति, साइबर फ्रॉड रोकथाम और यातायात नियमों पर आमजन को जागरूक करने का संकल्प लिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि व्यापारी जिले की आर्थिक रीढ़ हैं, उनका जागरूक होना आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।

प्रमुख उपस्थितजन, सहयोग का भरोसा

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी, छ.ग. चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष नरेंद्र कोटरिया, उपाध्यक्ष प्रेम आर्य, महामंत्री प्रवीण वैष्णव, जिला चेंबर अध्यक्ष राजकुमार वाधवा, सचिन वाधवा, शरद ताम्रकार, निखिल आडवाणी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

चेंबर पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन की पहल की सराहना की और पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक सकारात्मक संवाद के साथ संपन्न हुई, जिसमें सुरक्षित मुंगेली बनाने का संकल्प दोहराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *