Headlines

उप मुख्यमंत्री अरुण साव की बड़ी सौगात: लोरमी के 5 वार्डों में 5.86 करोड़ से अत्याधुनिक सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम निर्माण

न्यायालयीय निर्देशों से पहले ही मिली स्वीकृति, 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण, शोकाकुल परिजनों को मिलेगा सम्मानजनक और सुविधायुक्त वातावरण

मुंगेली, 06 जनवरी 2026//जिला मुंगेली के नगर पालिका परिषद लोरमी क्षेत्र के नागरिकों को अंतिम संस्कार के समय होने वाली असुविधाओं से राहत दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक और संवेदनशील पहल की गई है। उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक श्री अरुण साव के विशेष प्रयासों से लोरमी नगर के 05 वार्डों में कुल 5.86 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक, सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधामों का निर्माण, विस्तार एवं सौंदर्यीकरण कार्य तेज़ी से किया जा रहा है।

यह महत्वाकांक्षी परियोजना लंबे समय से चली आ रही नागरिकों की मांग का प्रतिफल है। मुक्तिधामों की बदहाल स्थिति, मूलभूत सुविधाओं के अभाव और सीमित स्थान को लेकर नगरवासियों द्वारा लगातार मांग की जा रही थी। जनभावनाओं को समझते हुए उप मुख्यमंत्री श्री साव ने नगरीय प्रशासन विभाग से इन कार्यों के लिए पर्याप्त बजट स्वीकृत कराया।

न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप संवेदनशील पहल

उल्लेखनीय है कि माननीय उच्च न्यायालय के प्रकरण के अंतर्गत मुक्तिधामों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया था। न्यायालय के निर्देशों के पूर्व ही जनहित को सर्वोपरि रखते हुए उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव द्वारा इन कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई, जो उनकी दूरदर्शिता और क्षेत्र के प्रति सक्रियता को दर्शाता है।

इन आधुनिक मुक्तिधामों के निर्माण से शोकाकुल परिजनों को उनके सबसे कठिन समय में बेहतर, गरिमामय और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध होगा। नगर पालिका प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि सभी शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर लिया जाएगा।

तेजी से प्रगति पर निर्माण कार्य

नगर पालिका परिषद लोरमी द्वारा निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं। वर्तमान में अधिकांश कार्य 50 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुके हैं। परियोजना के अंतर्गत मुक्तिधामों में शेड निर्माण, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, पहुंच मार्ग, सौंदर्यीकरण एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

इनमें

🔹 वार्ड क्रमांक 13 बाबा घाट में 181.97 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम निर्माण कार्य।

🔹वार्ड क्रमांक 03 ब्राह्मण पारा में 170.10 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम निर्माण कार्य

🔹वार्ड क्रमांक 08 रानीगांव में 124.73 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्य।

🔹 वार्ड क्रमांक 15 में 69.96 लाख रुपये की लागत से सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम निर्माण कार्य।                  

🔹वार्ड क्रमांक 09 में 40 लाख रुपये की लागत से विस्तारीकरण कार्य।

सहित कुल लगभग 586.70 लाख रुपये (5.86 करोड़) की लागत से विकास कार्य किया जा रहा है।

स्थानीय नागरिकों का मानना है कि मुक्तिधामों के इस उन्नयन से न केवल अंतिम संस्कार की प्रक्रिया व्यवस्थित और सम्मानजनक होगी, बल्कि नगर की समग्र छवि में भी सकारात्मक बदलाव दिखाई देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *