मुंगेली। पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत मुंगेली पुलिस को अपराध नियंत्रण में बड़ी सफलता मिली है। लालपुर क्षेत्र में गांजा तस्करी और लोरमी क्षेत्र में कच्ची महुआ शराब तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध मादक पदार्थ और शराब सहित वाहन जब्त किए हैं।
सायबर सेल मुंगेली तथा थाना लालपुर एवं लोरमी की संयुक्त टीम ने 06.01.2025 को मुखबिर की सूचना पर लालपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर पेण्ड्रीतालाब बारह हजार पुल, धरम ट्रेडर्स के सामने बिना नंबर की होण्डा एसपी साइन मोटर साइकिल को रोका। तलाशी के दौरान आरोपी भुनेश्वर साहू पिता गौकरण, उम्र 27 वर्ष, निवासी धौराभाठ, थाना लोरमी, जिला मुंगेली के पास काले रंग के बैग में 01 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 19,000 रुपये आंकी गई है। गांजा परिवहन में प्रयुक्त होण्डा एसपी साइन मोटरसाइकिल की कीमत 70,000 रुपये है। कुल जब्त गांजा और सामग्री की कीमत लगभग 89,000 रुपये बताई गई है।

इसी अभियान के तहत थाना लोरमी पुलिस ने ग्राम झाफल मेन रोड, महाराणा प्रताप स्कूल के सामने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजु सिसोदिया पिता राजकुमार, उम्र 19 वर्ष, निवासी शिकारीडेरा परसवारा, थाना लोरमी, जिला मुंगेली को कच्ची महुआ शराब तस्करी करते पकड़ा। आरोपी के कब्जे से काले रंग के पिट्ठू बैग में रखे 07 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब, कीमत लगभग 700 रुपये, तथा परिवहन में प्रयुक्त पुरानी टीव्हीएस मोटरसाइकिल कीमत 10,000 रुपये जब्त की गई। अवैध शराब व सामग्री की कुल कीमत लगभग 10,700 रुपये है।

गांजा तस्कर आरोपी भुनेश्वर साहू के विरुद्ध थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 02/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। वहीं, शराब तस्करी के आरोपी राजु सिसोदिया के विरुद्ध थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 10/26, धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने असामाजिक तत्वों, मादक पदार्थ गांजा एवं शराब की अवैध बिक्री व तस्करी के विरुद्ध ‘ऑपरेशन बाज’ अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी थाना/चौकी प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाए।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुंगेली नवनीत कौर छाबड़ा, उप पुलिस अधीक्षक पथरिया नवनीत पाटिल, उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह के मार्गदर्शन तथा निरीक्षक प्रसाद सिन्हा प्रभारी सायबर सेल, निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, उप निरीक्षक अमित गुप्ता, सउनि दिलीप प्रभाकर, सउनि निर्मल घोष, प्रआर नरेश यादव, आरक्षक भेषज पाण्डेकर, परमेश्वर जांगड़े और राम कश्यप की सराहनीय भूमिका रही।


