बिलासपुर, 31 दिसंबर 2025: जन चेतना भारत (जेसीबी) पार्टी के जिला बिलासपुर इकाई ने कलेक्टर महोदय को एक ज्ञापन सौंपा है। इसमें देश-विदेश में अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ बढ़ती हिंसा, अन्याय और एकतरफा प्रशासनिक कार्रवाइयों पर गहरी चिंता जताई गई है। पार्टी ने सभी स्तरों पर न्याय, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द सुनिश्चित करने की मांग की है।
ज्ञापन में बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रही लगातार हिंसा और अपराधों की कड़ी निंदा की गई। पार्टी ने भारत सरकार से अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप कर शांति-न्याय सुनिश्चित करने की अपील की।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मुस्लिम समुदाय के 119 लोगों की सामूहिक गिरफ्तारी को लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों के खिलाफ बताया गया। पार्टी ने इस मामले में निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच की मांग की।

इसके अलावा, बिहार में एक मुस्लिम महिला का हिजाब खींचे जाने की घटना को महिला गरिमा और धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला करार दिया। दोषियों पर सख्त कार्रवाई और बिहार मुख्यमंत्री से सार्वजनिक माफी की मांग की गई।
जेसीबी पार्टी ने छत्तीसगढ़ में ईसाई अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर भी चिंता व्यक्त की। तत्काल अंकुश, दोषियों पर कठोर कार्रवाई और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग दोहराई। पार्टी ने संविधान द्वारा प्रदत्त समानता, धार्मिक स्वतंत्रता और सम्मान के अधिकारों का हवाला देते हुए किसी भी भेदभाव को अस्वीकार्य बताया।
ज्ञापन में प्रशासन से सभी बिंदुओं पर शीघ्र संज्ञान लेने, न्यायसंगत कार्रवाई करने और राज्य शासन को सूचित करने की विनम्र अपील की गई। पार्टी का कहना है कि इससे देश में भाईचारा और शांति बनी रहेगी।
इस अवसर पर सरदार जसबीर सिंह चावला (अध्यक्ष), अलीम अंसारी (जोन प्रभारी), रवि यादव (तहसील प्रभारी), हसन अली, वसीम अंसारी, अली इमरान एवं अन्य साथी उपस्थित रहे।


