25 सितंबर को सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान एवं मेगा स्वास्थ्य शिविर में शामिल होंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
कलेक्टर-एसएसपी के साथ विधायक ने लिया तैयारियों का जायजा
सरगांव। मुंगेली जिले के विकासखंड पथरिया अंतर्गत ग्राम सरगांव स्थित हरिहर क्षेत्र ग्राम मद्कू के हाई स्कूल मैदान में 25 सितंबर को प्रस्तावित मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर एवं मेगा स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों का जायजा लेने बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक ने कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कार्यक्रम की व्यापकता को देखते हुए अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा विभागवार सौंपे गए दायित्वों को समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से अपने-अपने विभाग से जुड़ी तैयारियों की प्रगति की जानकारी लेते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर व्यवस्था में कमी न रहे और सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।

विधायक कौशिक ने कार्यक्रम स्थल पर भूमि समतलीकरण, बैरिकेडिंग, मंच एवं बैठक व्यवस्था, लोकार्पण एवं भूमिपूजन से संबंधित तैयारियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, यातायात एवं पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं।
कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और कार्यक्रम से संबंधित प्रत्येक व्यवस्था की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने प्रोटोकॉल का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने को कहा।

कलेक्टर ने सर्किट हाउस सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर साफ-सफाई, रख-रखाव एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व सभी तैयारियों को पूर्ण कर व्यवस्थाओं की अंतिम समीक्षा कर ली जाए।
कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को भी महत्वपूर्ण माना गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा, यातायात संचालन एवं पार्किंग व्यवस्था से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, तहसीलदार श्री अतुल वैष्णव, नायब तहसीलदार श्री लीलाधर क्षत्रिय, जिला मंत्री भाजपा बिलासपुर श्री देवेंद्र कौशिक, जिला महामंत्री भाजपा श्री कैलाश सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष सरगांव श्री पोषण यादव, श्री रणजीत सिंह हूरा, श्री रिंकू सिंह ठाकुर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




