विधायक प्रतिनिधि का दायित्व मिलने पर भाजपा नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई और शुभकामनाएं
सरगांव। नगर पंचायत सरगांव के विधायक प्रतिनिधि के रूप में नियुक्ति के पश्चात तरुण अग्रवाल ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक से सौजन्य भेंट कर नवीन दायित्व प्रदान किए जाने पर आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक कौशिक ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए जनहित एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।
भेंट के दौरान विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि तरुण अग्रवाल को दी गई जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि वे संगठन की भावना के अनुरूप जनप्रतिनिधियों और आम जनता के बीच समन्वय स्थापित करते हुए नगर पंचायत क्षेत्र के विकास एवं जनसमस्याओं के निराकरण के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

भाजपा जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर ने कहा कि तरुण अग्रवाल लंबे समय से संगठन एवं जनसेवा के कार्यों से जुड़े रहे हैं। उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने से कार्यकर्ताओं में उत्साह है और उम्मीद है कि वे पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेंगे।
वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष पोषण यादव ने कहा कि विधायक प्रतिनिधि के रूप में तरुण अग्रवाल की नियुक्ति से नगर पंचायत क्षेत्र में संगठन और जनता के बीच बेहतर समन्वय बनेगा। उन्होंने नवीन दायित्व के लिए अग्रवाल को बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू ने भी तरुण अग्रवाल को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके अनुभव, सक्रियता एवं समर्पण से नगर पंचायत सरगांव के विकास एवं जनसेवा को नई गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि “जनसेवा ही संकल्प और विकास ही लक्ष्य” की भावना के साथ सभी मिलकर सरगांव के विकास के लिए कार्य करेंगे।
इस अवसर पर एल्डरमैन पंकज वर्मा, राजकुमार साहू, पार्षदगण जमुना पाड़े, सविता कौशिक, सुनीता साहू, शबाना जबीन, कमलेश अग्रवाल, विष्णु राजपूत सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




