Headlines

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में साइबर जागरूकता अभियान, छात्रों को ठगी से बचने के बताए उपाय

त्रिमूर्ति पब्लिक स्कूल सरगांव में सरगांव पुलिस ने साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर किया जागरूक

सरगांव। मुंगेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल IPS के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के निर्देशन में सरगांव पुलिस थाना द्वारा साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विगत दिनों त्रिमूर्ति पब्लिक स्कूल सरगांव में साइबर अपराध एवं यातायात सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता थाना प्रभारी एस. के. शर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के प्रति आगाह करते हुए कहा कि डिजिटल युग में थोड़ी-सी असावधानी भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। साइबर ठग लोगों की छोटी-सी गलती का फायदा उठाकर बैंक खाते खाली करने, मोबाइल हैक करने और निजी जानकारी हासिल करने जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का सजग और सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपाय बताते हुए कहा कि किसी के साथ भी अपना ओटीपी साझा न करें तथा अनजान स्रोत से प्राप्त लिंक या फाइल को खोलने से बचें। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करने की समझाइश दी।

नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने की दी समझाइश

कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा के साथ-साथ यातायात नियमों को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। थाना प्रभारी श्री शर्मा ने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए नाबालिग अवस्था में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी। उन्होंने सड़क पर सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

विद्यालय के अतिरिक्त संचालक जितेन्द्र निगम एवं मुख्य आरक्षक ज्वाला प्रसाद ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुशांत स्वपन देवनाथ, मैनेजर अंबिका तिवारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक ज्ञानचंद राय ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *