Headlines

मदकू द्वीप में गूंजा ‘हर-हर महादेव’, अजय जामवाल व पवन साय ने किया रुद्राभिषेक

सावन सोमवार और एकादशी के पावन अवसर पर हरिहर क्षेत्र में उमड़ा आस्था का सैलाब, प्रदेश की सुख-समृद्धि व जनकल्याण की कामना

सरगांव/मुंगेली। सावन सोमवार एवं एकादशी के पावन अवसर पर प्रसिद्ध धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थल हरिहर क्षेत्र मदकू द्वीप श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा। इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय ने रामरूप दास महाराज के सानिध्य में भगवान भोलेनाथ का विधिवत रुद्राभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान शिव से प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न रुद्राभिषेक के दौरान पूरा वातावरण शिवमय नजर आया। सावन सोमवार के विशेष संयोग में भगवान शिव की आराधना को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। मदकू द्वीप पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन कर परिवार, समाज और प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।

इस पावन अवसर पर जांजगीर लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, भाजपा मुंगेली जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गिरीश शुक्ला, राजेंद्र वैष्णव, परमानंद साहू, विनय साहू, रामशरण यादव, मुंगेली नगर मंडल अध्यक्ष सौरभ बाजपेयी, मन्नू श्रीवास्तव, संदीप सिंह ठाकुर एवं श्रीओम सिंह सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मुंगेली जिले के साथ ही आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भाजपा पदाधिकारी मदकू द्वीप पहुंचे। धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का पूजन किया। इस दौरान पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से मदकू द्वीप गूंज उठा।

उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने मदकू द्वीप के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना, आपसी सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। सावन सोमवार के इस पावन अवसर पर सभी ने भगवान भोलेनाथ से प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *