चुनचुनिया स्कूल में साइकिल-पाठ्यपुस्तक वितरण के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ के तहत हुआ पौधरोपण
सरगांव। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चुनचुनिया में निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण एवं पाठ्यपुस्तक वितरण समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति श्रीमती अम्बालिका साहू उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यालय की 45 छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत निःशुल्क साइकिल वितरित की। वहीं प्राथमिक शाला एवं पूर्व माध्यमिक शाला चुनचुनिया के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती अम्बालिका साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार बालिकाओं की शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। सरस्वती साइकिल योजना का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना और दूरी को उनकी शिक्षा में बाधा नहीं बनने देना है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर वे कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई करें तथा अपने जीवन का लक्ष्य हासिल करें।

उन्होंने कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषकर बालिकाओं को विद्यालय पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी और अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आज शासन की योजनाओं से इन कठिनाइयों को काफी हद तक कम किया गया है। निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, छात्रवृत्ति और सरस्वती साइकिल जैसी योजनाएं विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने छात्राओं से उच्च शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने तथा अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेन्द्र शर्मा ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना ग्रामीण अंचलों की छात्राओं के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। साइकिल मिलने से छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, समय की बचत होगी और नियमित रूप से विद्यालय पहुंचने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इससे छात्राएं अपनी ऊर्जा पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं व्यक्तित्व विकास में भी लगा सकेंगी।

45 छात्राओं के चेहरे पर दिखी खुशी
समारोह के दौरान अतिथियों ने विद्यालय की 45 छात्राओं को निःशुल्क सरस्वती साइकिलें वितरित कीं। इसके साथ ही प्राथमिक शाला चुनचुनिया एवं पूर्व माध्यमिक शाला चुनचुनिया के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें प्रदान की गईं। नई साइकिल और किताबें पाकर छात्राओं एवं विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह नजर आया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं देते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में अतिथियों द्वारा पौधरोपण किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को पौधों की नियमित देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। अतिथियों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा और संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष परमानंद ध्रुव, सरपंच श्रीमती कुंती लोचन निषाद, उपसरपंच नाना सिंह निषाद, संकुल समन्वयक भगवती प्रसाद मिश्र, भूपेन्द्र कुमार लाल, भूवनेश्वरी साहू, अजय कुमार कौशिक, श्रीमती पूनम शर्मा, मुकेश पैकरा, अनेश कुमार, रितेश अग्रवाल, श्रीमती पूजा यादव, पुरुषोत्तम साहू सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन इन्द्र कुमार पाण्डेय ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रभारी प्राचार्य श्रीमती निहारिका रामटेके ने किया।


