दो माह चलेगा अभियान, बिजली कार्यालयों के घेराव के बाद मुख्यमंत्री निवास घेरने की चेतावनी
मुंगेली। प्रदेश में बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय मुंगेली में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस लेने, स्मार्ट मीटर हटाने और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को दोबारा लागू करने की मांग उठाई।
घनश्याम वर्मा ने बताया कि कांग्रेस प्रदेशव्यापी अभियान के तहत 2 अगस्त से घर-घर जाकर उपभोक्ताओं से आवेदन भरवाएगी। इन आवेदनों में स्मार्ट मीटर हटाने और बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग दर्ज की जाएगी। अभियान लगातार दो माह तक चलेगा। इसके बाद जिलों में एकत्रित आवेदनों के साथ बिजली कार्यालयों का घेराव कर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा और उसकी पावती ली जाएगी। उन्होंने कहा कि आगे प्रदेशभर से प्राप्त पावतियों के साथ मुख्यमंत्री निवास का भी घेराव किया जाएगा।

‘भाजपा सरकार में पांच बार बढ़े बिजली के दाम’
घनश्याम वर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जुलाई से घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तथा गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि की है। कृषि पंपों की बिजली भी महंगी किए जाने का आरोप कांग्रेस ने लगाया।
कांग्रेस का दावा है कि भाजपा सरकार के गठन के बाद अब तक पांच बार बिजली दरों में बढ़ोतरी की जा चुकी है और कुल वृद्धि करीब 31.23 प्रतिशत तक पहुंच गई है। वहीं कांग्रेस ने अपने शासनकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान केवल 2 पैसे की बढ़ोतरी हुई थी और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू थी।
‘तीन से चार गुना तक आ रहे बिजली बिल’
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों से कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल तीन से चार गुना तक बढ़कर आ रहे हैं। पार्टी ने स्मार्ट मीटर को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। कांग्रेस ने दावा किया कि अप्रैल 2026 में संसद में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा स्मार्ट प्रीपेड मीटर को वैकल्पिक व्यवस्था बताए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि उपभोक्ता की सहमति के बिना मीटर बदलना उचित नहीं है।
तीन प्रमुख मांगों पर कांग्रेस का जोर
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस ने सरकार के समक्ष मुख्य रूप से बिजली दरों में कमी करने, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना पुनः शुरू करने और राज्य में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर वापस लेने की मांग दोहराई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ये सीधे आम उपभोक्ताओं से जुड़े मुद्दे हैं और सरकार को जनहित में इन पर तत्काल निर्णय लेना चाहिए।
पत्रकार वार्ता में घनश्याम वर्मा के अलावा संजीत बनर्जी, थानेश्वर साहू, हेमेंद्र गोस्वामी, रोहित शुक्ला, रघुराज सिंह, दिलीप बंजारा, श्याम जायसवाल, श्री ठाकुर, राजेश छैदहिया, संजय यादव, योगेश्वर, जलेश यादव, रामकुमार साहू, उर्मिला यादव, अनीता विश्वकर्मा, प्रभुमल्हा, मनीष त्रिपाठी, कैलास श्रीवास और विष्णु खांडे सहित कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


