मोतिमपुर स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव — नव छात्रों को सायकल, पाठ्यपुस्तक और गणवेश भेट

सरगांव। शासकीय माध्यमिक विद्यालय मोतिमपुर में शाला प्रवेश उत्सव तथा सायकल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत करना और उन्हें आवश्यक शैक्षिक सामग्री प्रदान कर पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम के दौरान नव छात्र-छात्राओं का टीका लगाकर और मुंह मीठा कराकर विद्यालय परिवार ने औपचारिक स्वागत किया। आयोजन में छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश तथा शिक्षा में सहायक सायकलें वितरित की गयीं, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। आवश्यक शैक्षिक सामग्री मिलने से गांव के कई परिवारों को भी राहत महसूस हुई।

मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष चित्रलेखा मनीष जांगड़े और विशिष्ट अतिथि जनपद सदस्य चंद्रजीत बांधे उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य विनोद कौशिक ने विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों की सराहना की और छात्र-छात्राओं से आगामी परीक्षाओं में और बेहतर प्रदर्शन की अपील की। उन्होंने कहा कि अच्छी तैयारी और अनुशासन से हर छात्र सफल बन सकता है।

कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी तथा विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे। आयोजन ने स्थानीय स्तर पर शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश दिया और बच्चों के बीच पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ाने का काम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *