सीड-बॉल के बाद नया प्रयोग: बिल्हा के शिक्षक ने सरगांव में पर्यावरण परेड कर जनजागरण जगाया
सरगांव, 5 जून — विश्व पर्यावरण दिवस पर समीपस्थ ग्राम लोहदा निवासी व बिल्हा के जन प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ शिक्षक कलेश्वर साहू ने अपने पुत्र अंकित के साथ मिलकर एक अनोखा जनजागरण अभियान चलाकर नगर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंचाया। अंकित को वृक्ष का रूप देकर पोस्टर थमाकर चलाया गया। “पेड़ बचाओ-पेड़ लगाओ का मर्मस्पर्शी व जीवंत प्रचार–प्रसार लोगों का ध्यान खींचता दिखा और नागरिकों से व्यापक प्रशंसा बटोरी।

अभियान की विधिवत शुरुआत नगर पंचायत सरगांव के अध्यक्ष परमानन्द साहू और वरिष्ठ पत्रकार व समाजसेवी शिव पाण्डेय की मौजूदगी में की गई। कार्यक्रम में परमानन्द साहू ने कहा कि “वृक्षरोपण ही पर्याप्त नहीं है; उनके संरक्षण और संवर्धन के लिये जनजागरण अनिवार्य है।” उन्होंने नागरिकों से न सिर्फ पेड़ लगाने बल्कि उन्हें बचाने और उनकी नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।
इस पहल के बारे में कलेश्वर साहू ने बताया कि वे पहले भी प्रकृति संरक्षण के कार्यों से सक्रिय रहे हैं और हाल ही में उन्होंने मात्र एक महीने में 1.52 लाख सीड-बॉल (बीज गेंदें) तैयार कर वितरण कर चुके हैं। उनका कहना था कि आज का जीवंत परेड संदेश लोगों को वृक्षों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के व्यवहारिक तरीकों के प्रति प्रेरित करना चाहता है।

पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों ने शिक्षक के इस अभिनव प्रयोग की खुले दिल से सराहना की। कार्यक्रम में शंकर लाल साहू, देव प्रधान, ललित यादव, कपूर साहू, प्रदीप साहू, सुकेश राजपूत, तरुण अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी मौजूद थे।कई लोगों ने मौके पर ही छोटे-छोटे पौधे गोद लेने और सीड-बॉल के प्रयोग की जानकारी लेने की इच्छा जताई।
कलेश्वर साहू ने बताया कि यह अभियान भविष्य में और गांवों व शहरों तक फैलाया जाएगा और वे स्कूलों व सामुदायिक स्थानों पर वृक्षारोपण व संरक्षण पर नियमित कार्यशालाएँ आयोजित करेंगे। नगर पंचायत अध्यक्ष ने भी स्थानीय स्तर पर वृक्ष संरक्षण के लिये समितियाँ बनाने और छात्रों को पर्यावरण शिक्षा देने का आश्वासन दिया।


