मुंगेली 21 दिसंबर 2025। जिले में “दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार” थीम पर सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पल्स पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की और अभिभावकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की।

कलेक्टर ने कहा कि पोलियो उन्मूलन की दिशा में यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है, उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही जिले और समाज के स्वस्थ भविष्य की नई है। पोलियो जैसी बीमारी से पूर्ण मुक्ति तभी संभव है, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस महाअभियान में सहभागिता निभाएं। इस अभियान के अंतर्गत जिला मुंगेली में कुल 01लाख 19 हजार 503 बच्चों को पल्स पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने की दिशा में प्रभावी कार्य सुनिश्चित किया जा सके।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि अभियान के तहत 814 बूथ में 1728 कर्मचारियों द्वारा पोलियो ड्राप पिलाया गया। टीकाकरण अधिकारी डॉ. खैरवार ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत आज सभी बूथों में 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाया गया। छूटे हुए 0 से 5 वर्ष के बच्चों को 22 और 23 दिसंबर को उनके घरों में जाकर पोलियो ड्राप पिलाया जाएगा।

शुभारंभ कार्यक्रम में विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक श्री मनीष गुप्ता सहित चिकित्सा अधिकारी, ग्रामीण चिकित्सा सहायक, सेक्टर पर्यवेक्षक एवं टीकाकरण स्टाफ उपस्थित रहे। प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान को सफल बनाने हेतु शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बूथों, भ्रमण दलों एवं ट्रांजिट टीमों के माध्यम से सघन टीकाकरण कार्य किया जा रहा है।



