पथरिया। मुंगेली जिले के धरदेई धान उपार्जन केंद्र (पंजीयन क्रमांक 2831) में 2025-26 विपणन वर्ष के दौरान 2156.08 क्विंटल धान की कमी पाई गई, जिसका मूल्य लगभग 66 लाख 83 हजार 848 रुपये है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर थाना पथरिया पुलिस ने केंद्र प्रभारी कार्तिक राम ध्रुव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
जांच और गबन का खुलासा
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, शाखा सरगांव के कर्मचारी मोहर दास आर्य की शिकायत पर कलेक्टर कार्यालय सहकारिता शाखा की संयुक्त जांच टीम (नायब तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक, सहकारिता विस्तार अधिकारी एवं बैंक प्रतिनिधि) ने भौतिक सत्यापन किया। रिपोर्ट में आरोपी कार्तिक राम ध्रुव (उम्र 53 वर्ष, निवासी झुलनाकला) एवं कंप्यूटर ऑपरेटर संदीप दुबे द्वारा रिकॉर्ड में हेराफेरी कर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने का स्पष्ट उल्लेख है। थाना पथरिया में अपराध क्र. 87/26 धारा 316(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
गिरफ्तारी की कार्यवाही
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में थाना पथरिया पुलिस ने मुखबीर एवं तकनीकी सहायता से 26 अप्रैल 2026 को नांदघाट, बेमेतरा से आरोपी को पकड़ा। पूछताछ में अपराध स्वीकारने पर धान खरीदी रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य दस्तावेज जब्त कर 27 अप्रैल को कोर्ट में पेश किया गया। अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस टीम की भूमिका
उक्त कार्यवाही में उपनिरीक्षक गिरजाशंकर गोस्वामी (प्रभारी थाना पथरिया), उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी (प्रभारी सायबर सेल), सउनि नरेश साहू, आर. राहुल यादव, राकेश बंजारे एवं हलिश गेंदले की महत्वपूर्ण भूमिका रही। SP भोजराम पटेल द्वारा आर्थिक अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में यह महत्वपूर्ण सफलता है।


