सरगांव। स्थानीय त्रिमूर्ति पब्लिक स्कूल के कक्षा 12वीं के मेधावी छात्र तारूण डेंबरा (सुपुत्र श्री भरत लाल डेंबरा व श्रीमती ममता डेंबरा) ने अखिल भारतीय JEE परीक्षा में 99.74 प्रतिशत अंक हासिल कर 4258वीं रैंक प्राप्त की है। बचपन से ही अध्ययन में उत्कृष्ट रहने वाले तारूण ने सृजनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाई। एक कुशल अभियंता बन देश सेवा का सपना संजोए इस युवा ने सफलता की पहली सीढ़ी चढ़ ली।
*शिक्षकों का मार्गदर्शन बना सफलता का आधार*
विद्यालय की समृद्ध प्रयोगशालाओं और अनुभवी शिक्षकों ने तारूण की जिज्ञासा को नई उड़ान दी। स्कूल के प्रबंध निदेशक श्री राजेश त्रिवेदी ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि “ग्रामीण अंचल में CBSE विद्यालय स्थापित कर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मैंने कोई कसर नहीं छोड़ी। हमेशा बच्चों के सपनों को नए पंख देना मेरा लक्ष्य रहा। तारूण व उसके परिवार को बधाई! उसका भविष्य स्वर्णिम होगा।”

*प्राचार्य की शुभकामनाएं*
प्राचार्य श्री सुशांत स्वप्न देवनाथ ने तारूण को बधाई देते हुए कहा कि “यह उपलब्धि विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। आगे भी ऐसी सफलताओं का सिलसिला जारी रहे।”
*स्कूल की लगातार सफलताएं व नई पहल*
उल्लेखनीय है कि त्रिमूर्ति पब्लिक स्कूल के छात्र पिछले वर्षों में JEE व NEET जैसी अखिल भारतीय परीक्षाओं में सफल होकर संस्थान का नाम रोशन कर चुके हैं। इस वर्ष से स्कूल ने परिसर में ही ऑनलाइन-ऑफलाइन कोचिंग शुरू की है, जिसमें विषय विशेषज्ञ नियुक्त किए गए हैं। अब ग्रामीण बच्चों को कोचिंग के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही, समय-समय पर कैरियर गाइडेंस कक्षाएं चलाने की योजना है। यह पहल क्षेत्र के युवाओं के भविष्य को नई दिशा देगी।


