Headlines

घरघोड़ा मे गुंजा गौरव —एनडीए में 30वीं रैंक लाने वाले अक्षत किशोर मिश्रा का भव्य नागरिक अभिनंदन

घरघोड़ा/रायगढ़। नगर ने शनिवार को एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण का साक्षी बनते हुए अपने होनहार सपूत अक्षत किशोर मिश्रा का नागरिक अभिनंदन पूरे उत्साह और गरिमा के साथ किया। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी एवं नौसेना अकादमी परीक्षा 2025 में अखिल भारतीय 30वीं रैंक हासिल कर अक्षत ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे घरघोड़ा क्षेत्र का नाम देशभर में रोशन किया है।

अटल परिसर, स्टेट बैंक के सामने आयोजित इस सम्मान समारोह में नगरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, शिक्षाविद, युवा वर्ग और विभिन्न संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा और जैसे ही अक्षत मंच पर पहुंचे, तालियों की गूंज से वातावरण गूंज उठा।

समारोह के दौरान अतिथियों ने अक्षत को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि अक्षत की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि छोटे नगरों से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना यह दर्शाता है कि मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।

अक्षत किशोर मिश्रा ने अपने उद्बोधन में इस सम्मान के लिए सभी नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता अर्चना मिश्रा, पिता प्रेमकिशोर मिश्रा और अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने युवाओं को लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन से प्रयास करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों ने एक स्वर में अक्षत की उपलब्धि को घरघोड़ा के लिए ऐतिहासिक और गर्व का पल बताया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ, लेकिन लोगों के चेहरे पर खुशी और प्रेरणा की चमक देर तक बनी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *