Headlines

मदकू द्वीप में पुरुषोत्तम मास के भव्य अनुष्ठान की तैयारियां प्रारंभ, पत्रिका समर्पण कार्यक्रम सम्पन्न

सरगांव- पवित्र तपोभूमि श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप मदकू में आगामी पुरुषोत्तम मास के अवसर पर एक माह तक चलने वाले भव्य धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियां विधिवत रूप से प्रारंभ हो गई हैं। विक्रम संवत 2083 (2026) के अंतर्गत ज्येष्ठ शुक्ल प्रतिपदा (17 मई) से ज्येष्ठ कृष्ण अमावस्या (15 जून) तक यहां विविध आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इस पावन अवधि में विष्णुसहस्त्रनाम अनुष्ठान, यज्ञ, रुद्राभिषेक, सहस्त्रार्चन एवं 108 श्रीमद्भागवत पाठ जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे, जिनमें दूर-दूर से श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बनने लगा है।
इसी क्रम में आज चैत्र शुक्ल चतुर्थी के पावन अवसर पर श्री अष्टभुजी गणेश मंदिर मदकू द्वीप में यज्ञ अनुष्ठान की पत्रिका समर्पण कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विधिवत पूजन-अर्चन कर अनुष्ठान की सफलता एवं निर्विघ्न संपन्नता के लिए मंगलकामनाएं की गईं।
इस अवसर पर संत रामरूप दास महात्यागी सहित श्री राधाकृष्ण मंदिर सेवा समिति एवं श्री हरिहर क्षेत्र केदार द्वीप सेवा समिति मदकू के पदाधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से भगवान से प्रार्थना की कि यह महाअनुष्ठान क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि का संदेश लेकर आए।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि पुरुषोत्तम मास के दौरान प्रतिदिन विशेष पूजा, कथा एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे न केवल आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होगा बल्कि क्षेत्र की धार्मिक पहचान भी और सुदृढ़ होगी।
स्थानीय श्रद्धालुओं में इस महाआयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है और इसे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *