अधिकारियों ने मुखौटाबंदी व ट्रैफिक नियमों पर लगाई मुहर, सभी ने दिया सहयोग का भरोसा
सरगांव। रंगों के त्योहार होली को शांति और सौहार्द के साथ मनाने के उद्देश्य से थाना सरगांव में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य रूप से नायब तहसीलदार लीलाधर क्षत्रिय, थाना प्रभारी संतोष शर्मा और नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू उपस्थित रहे।उन्होंने उपस्थितजनों को होली पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित की।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार लीलाधर क्षत्रिय ने कहा कि “होली का पर्व सभी के लिए खुशियों और एकता का संदेश लेकर आता है। हम सभी को मिलकर इसे शांति पूर्वक मनाना चाहिए। मुखौटों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, ताकि कोई असामाजिक तत्व इसका दुरुपयोग न कर सके। व्यापारियों और नागरिकों से अपील है कि वे इस नियम का कड़ाई से पालन करें।”
थाना प्रभारी संतोष शर्मा ने उपस्थित विक्रेताओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि “नाबालिगों को दोपहिया वाहन न चलाने, नागरिकों को शराब पीकर वाहन न चलाने और ट्रिपल राइडिंग न करने की सख्त हिदायत दी जाती है। रंग-गुलाल और पिचकारी बेचने वाले व्यापारियों से अपील है कि वे चेहरा ढकने वाले मुखौटों की बिक्री तत्काल बंद करें। हमारी पुलिस टीमें गहन निगरानी रखेंगी और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग की अपेक्षा है।”

नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू ने कहा कि “होली उल्लास का पर्व है, लेकिन नियमों का पालन करते हुए ही इसे मनाएं। नगरवासियों से आग्रह है कि वे शराबबंदी, ट्रैफिक नियमों और सामाजिक सौहार्द का पूरी तरह पालन करें। हमारा नगर शांतिपूर्ण होली के लिए जाना जाए, इसके लिए सभी का सक्रिय सहयोग आवश्यक है।”
बैठक में विशेष रूप से नगर के रंग-गुलाल और पिचकारी बेचने वाले विक्रेताओं को आमंत्रित किया गया था जिन्हें नियमों के अनुरूप व्यापार संचालित कर सहयोग बनाये रखने की अपील की गई इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार त्रिलोकचंद्र अग्रवाल, रशीद खान, भाजपा मंडल अध्यक्ष पोषण यादव, पार्षद कृष्णा साहू, परविंदर खालसा, राधेश्याम मारकंडे, दबेश साहू, राजकुमार साहू, रामेश्वर क्षत्रिय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कोटवार, पार्षद, पत्रकार बंधु और व्यापारीगण उपस्थित रहे।
सभी ने नियमों का पालन करते हुए शांति और उल्लास से होली मनाने पर सहमति जताई।थाना सरगांव पुलिस और प्रशासन होली के दौरान विशेष निगरानी रखेगा, ताकि पर्व निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।


