Headlines

आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर ग्राफ्टेड बैंगन ने बदली किसान की किस्मत

श्री धनश्याम राजपूत ने कमाए लगभग 08 लाख 68 हजार रूपए

मुंगेली, 13 फरवरी 2026//  मुंगेली जिले के ग्राम खजरी के कृषक श्री धनश्याम राजपूत ने आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर सफलता की नई कहानी लिखी है। परंपरागत खेती से सीमित आय प्राप्त करने वाले धनश्याम ने इस वर्ष 04 एकड़ भूमि में ग्राफ्टेड बैंगन की खेती कर उल्लेखनीय लाभ अर्जित किया। पूर्व में वे मिश्रित फसलों की खेती करते थे, जिससे 04 एकड़ में लगभग 02 लाख 75 हजार रूपए की आय होती थी। आय सीमित होने के कारण परिवार की जरूरतें पूरी करना चुनौतीपूर्ण था। इसी दौरान उन्होंने कृषि विशेषज्ञों की सलाह पर ग्राफ्टेड बैंगन की उन्नत तकनीक अपनाने का निर्णय लिया।

इस फसल के लिए उन्होंने लगभग 03 लाख 50 हजार रूपए का निवेश किया। बेहतर बीज, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, नियमित सिंचाई और वैज्ञानिक पद्धति से देखरेख के कारण उन्हें लगभग 614 क्विंटल उत्पादन प्राप्त हुआ। बाजार में औसत 20 रूपए प्रति किलो की दर से बिक्री होने पर कुल विक्रय राशि 12 लाख 28 हजार रूपए प्राप्त हुई। लागत निकालने के बाद उन्हें लगभग 08 लाख 68 हजार रूपए का शुद्ध लाभ हुआ। ग्राफ्टेड बैंगन की खेती से धनश्याम राजपूत ने अन्य फसलों की तुलना में लगभग दोगुनी आय अर्जित की। उनकी सफलता से गांव के अन्य किसान भी प्रेरित हो रहे हैं और आधुनिक तकनीक आधारित खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं। धनश्याम राजपूत ने कहा कि यदि किसान वैज्ञानिक पद्धति, उन्नत बीज और सही मार्गदर्शन के साथ खेती करें, तो कम भूमि में भी अधिक उत्पादन और बेहतर लाभ प्राप्त किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *