समानता व सद्भाव का संदेश: बाबा के विचारों पर जोर
मुंगेली, 18 दिसंबर 2025। गुरु घासीदास जयंती के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय मुंगेली जिले के खैरा-सेतगंगा धाम पहुंचे। यहां उन्होंने धाम के विकास के लिए कुल 1 करोड़ 10 लाख रुपये की राशि घोषित की। इसमें सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये, राम जानकी मंदिर को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए 50 लाख रुपये तथा जयंती कार्यक्रम आयोजन के लिए 10 लाख रुपये शामिल हैं।मुख्यमंत्री ने जैतखंभ की पूजा-अर्चना कर पालो चढ़ाई तथा गुरुगद्दी व राम जानकी मंदिर में दर्शन किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि गुरु घासीदास बाबा ने समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का पाठ पढ़ाया है। बाबा के विचार आज भी सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं।

राज्य सरकार के दो वर्ष: विकास व कल्याण योजनाओं पर बल
राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने तथा छत्तीसगढ़ के 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए सीएम साय ने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, सुरक्षा और विकास के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। गरीबों को प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी हो रही है और उनका एक-एक दाना खरीदा जाएगा। महतारी वंदन योजना से 70 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण प्रदान किया जा रहा है। प्रशासन में पारदर्शिता के लिए ई-ऑफिस को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा नक्सलवाद उन्मूलन की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने सेतगंगा धाम के ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का आगमन सौभाग्य की बात है और उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।

भव्य स्वागत व सम्मान
मुख्यमंत्री के आगमन पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, कैबिनेट मंत्री गुरु श्री खुशवंत साहेब, मुंगेली विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, अहिवारा विधायक श्री डोमन लाल कोरसेवाड़ा, पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय तथा जिलाध्यक्ष श्री दीनानाथ केशरवानी ने स्वागत किया। समाज के प्रतिनिधियों ने पगड़ी बांधकर एवं गजमाला पहनाकर सम्मानित किया।

कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब व खाद्य मंत्री श्री बघेल ने गुरु घासीदास जयंती की शुभकामनाएं दीं तथा समाज हित में सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। विधायक श्री मोहले ने बाबा के जीवन आदर्शों पर चर्चा की तथा सेतगंगा क्षेत्र के विकास से जुड़ी मांगें रखीं। कार्यक्रम में आईजी श्री संजीव शुक्ला, कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल, वनमंडलाधिकारी श्री अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पांडेय सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।



