सरगांव/मुंगेली। पथरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत धमनी के “मनियारी चूना माइंस” संचालक मुकेश अग्रवाल के चूना भट्ठे से निकलने वाला जहरीला धुआं गांव की ओर बह रहा है। इससे ग्रामीणों को सांस लेने में भारी दिक्कत हो रही है और उनका जीना मुहाल हो गया है। सरपंच रिंकी राज कौशिक ने कलेक्टर जनदर्शन में 13 जनवरी 2026 को वायु प्रदूषण की शिकायत दर्ज कराई (टोकन क्रमांक 15206), लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

सरपंच रिंकी राज कौशिक ने कहा, “चूना भट्ठे से निकलने वाले जहरीले धुएं से गांववासी बेहद परेशान हैं। सांस की बीमारियां बढ़ रही हैं। हमने कलेक्टर से शिकायत की, लेकिन श्रम विभाग, आरडी और पर्यावरण विभाग मौन हैं। संचालक से बात करने पर भी वे टालमटोल करते हैं। ग्रामीणों को न्याय मिलना चाहिए।”
उपसरपंच एजाज अली ने भी नाराजगी जताते हुए कहा, “खुले आम वायु प्रदूषण हो रहा है, फिर भी अधिकारी चुप हैं। आज हम सबने संचालक मुकेश अग्रवाल से बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने साफ मना कर दिया। यह असहनीय है। प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।”

आज ग्रामीणों के साथ सरपंच प्रतिनिधि राज कौशिक, उपसरपंच एजाज अली, पंच फिरोज खान, अनूप निषाद, संजय टंडन, मनीष यादव, गोवर्धन साहू, शधऊ साहू, अजीत निषाद, देवाशीष वर्मा, ओमप्रकाश कोशले तथा ग्रामवासी परदेशी वर्मा, त्रिलोकचंद साहू, नारायण पटेल भट्ठे पर पहुंचे। लेकिन संचालक ने बात करने से इंकार कर दिया और उन्हें टरका दिया। भट्ठे मालिक से संपर्क करने पर भी उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
अब सवाल यह है कि कलेक्टर जनदर्शन की शिकायत के बावजूद धमनीवासियों को इस जहरीले धुएं से राहत मिलेगी या उनकी धमनियां ही खराब हो जाएंगी?


