मुंगेली। सरगांव हाइवे पर चोरी की मोटरसाइकिलों व अन्य वाहनों के कटे पार्ट्स से भरा हाईवा पकड़ा गया। बिलासपुर के तिफरा स्थित कबाड़ी दुकान फिरोज मेमन को सील कर दिया गया है। आरोपी फरार, पुलिस की तलाश जारी।
मुखबिर सूचना पर सरगांव हाइवे पर घेराबंदी
दिनांक 15 जनवरी 2026 को रात्रि मुखबिर से सूचना मिली कि बिलासपुर की ओर से सरगांव मार्ग होते हुए चोरी की मोटरसाइकिलों व अन्य वाहनों को काटकर उनके पार्ट्स हाईवा में भरकर ले जाए जा रहे हैं। सायबर सेल मुंगेली व थाना सरगांव पुलिस ने तत्काल सरगांव हाइवे पर नाकाबंदी की। संदिग्ध हाईवा को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें मोटरसाइकिल, कार व अन्य वाहनों के कटे पार्ट्स, बैटरियां व लोहे का सामान भरा मिला।

हाईवा चालक रूपनाथ सिंह (23 वर्ष), निवासी खड़गवा, थाना खड़गवा, जिला चिरमिरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने कबूल किया कि यह सामान बिलासपुर के तिफरा निवासी फिरोज मेमन खरीदता है, जो चोरी की गाड़ियां अपनी कबाड़ी दुकान पर काटता है। हाईवा व पार्ट्स को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जप्त कर थाना सरगांव ले जाया गया।

तिफरा कबाड़ी दुकान पर छापा, फिरोज मेमन फरार
पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अति. पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा व उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की। 16 जनवरी 2026 को सायबर सेल मुंगेली व थाना सिरगिट्टी पुलिस ने तिफरा स्थित फिरोज मेमन की कबाड़ी दुकान पर संयुक्त छापा मारा।
दुकान से मोटरसाइकिल, कार, ट्रक व अन्य वाहनों के कटे पार्ट्स, लोहे की सामग्री, वजन मशीन, लोहे काटने की मशीन, गैस कटर, सिलेंडर व कंप्रेशर मशीन बरामद हुई। दुकान को सील कर दिया गया। आरोपी फिरोज मेमन पुलिस देख फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

विशेष टीमों की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (प्रभारी सायबर सेल मुंगेली), निरीक्षक किशोर कैवर्त (प्रभारी थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर), उप निरीक्षक संतोष शर्मा (प्रभारी थाना सरगांव) सहित मुंगेली-बिलासपुर पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चोरी के वाहनों की रोकथाम के लिए पुलिस सतर्क।


