सरगांव, मुंगेली। कलेक्टर कुंदन कुमार के सख्त निर्देशों पर मुंगेली प्रशासन ने धान के अवैध परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। ग्राम चन्द्रखुरी और नारायणपुर चौक क्षेत्र में वाहन क्रमांक CG 07 CA 4923 को घेराबंदी कर पकड़ा गया, जिसमें 150 क्विंटल कट्टी धान भरा हुआ था। वाहन चालक सत्यवान दास मानिकपुरी (निवासी भाटापारा) और किसान समारू यादव (निवासी दामापुर) को हिरासत में लेकर धान के साथ वाहन जब्त कर लिया गया।

जांच के दौरान दोनों ने धान परिवहन के कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किए, जिससे अवैध परिवहन का पुख्ता मामला बन गया। जब्त माल को तत्काल थाना सरगांव सुपुर्द कर दिया गया है, जहां विधिसम्मत कार्रवाई तेजी से चल रही है। इस कार्रवाई से स्थानीय किसानों और व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।

कार्रवाई में तहसीलदार सरगांव अतुल वैष्णव, नायब तहसीलदार लीलाधर क्षत्रिय, थाना प्रभारी संतोष शर्मा के नेतृत्व में राजस्व निरीक्षक, पुलिस टीम और अन्य अधिकारी शामिल रहे। टीम ने सुबह से ही संदिग्ध वाहनों पर नजर रखी थी।

मुगेली प्रशासन धान खरीदी सीजन में अवैध संग्रहण, भंडारण और परिवहन पर विशेष अभियान चला रहा है। पिछले एक सप्ताह में ऐसी कई छापेमारियां हो चुकी हैं, जिसमें सैकड़ों क्विंटल धान जब्त हो चुका है। कलेक्टर ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी, ताकि किसानों को उचित मूल्य मिल सके और कालाबाजारी रोकी जा सके। जिले के नागरिकों से अपील है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना प्रशासन को दें।


