मां मिनीमाता की 55वीं पुण्यतिथि पर सरगांव में होगा एक दिवसीय संगोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा

सतनाम भवन में जुटेंगे समाजजन, मां मिनीमाता के सामाजिक समरसता, शिक्षा और समानता के संदेश को आगे बढ़ाने का लिया जाएगा संकल्प

सरगांव। छत्तीसगढ़ की महान समाज सेविका, छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद एवं सामाजिक समरसता, शिक्षा और समानता की प्रखर पक्षधर मां मिनीमाता जी की 55वीं पुण्यतिथि के अवसर पर ब्लॉक स्तरीय सतनामी समाज सरगांव-पथरिया, जिला मुंगेली के तत्वावधान में एक दिवसीय संगोष्ठी एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम 11 अगस्त 2026, मंगलवार को दोपहर 1:30 बजे सतनाम भवन, नगपुरा रोड सरगांव में आयोजित होगा। इस अवसर पर समाजजनों द्वारा मां मिनीमाता जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके सामाजिक एवं जनसेवा के योगदान को स्मरण किया जाएगा। साथ ही उनके बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में शिक्षा, समानता, एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया जाएगा।

‘एक वृक्ष मां मिनीमाता जी के नाम’ का संदेश

कार्यक्रम के दौरान ‘एक वृक्ष मां मिनीमाता जी के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने समाज के सभी भाई-बहनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मां मिनीमाता जी को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के इस संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की है।

के.डी. बांधे राज महंत होंगे मुख्य अतिथि

आयोजन में माननीय श्री के.डी. बांधे जी, राज महंत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय श्री ग्वालदास अनंत जी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष, पथरिया करेंगे।

वहीं श्रीमती ज्योतिष धृतलहरे जी, जनपद सदस्य, जनपद पंचायत पथरिया एवं श्रीमती अंजली योगेश बंजारे जी, सरपंच ग्राम पंचायत बावली अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री प्रद्युम्न दिवाकर जी (राज महंत), श्री गेंद लाल पोर्ते जी (कृषि विस्तार अधिकारी), श्री रामचरण कस्तूरा जी (सेवानिवृत्त प्रधानपाठक), श्री पन्ना लाल बंजारे जी (वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता), श्री संतोष धृतलहरे जी (संभाग अध्यक्ष, नवोदय सतनामी समाज संभाग बिलासपुर), श्री उज्जैन प्रसाद बंजारे जी (ब्लॉक अध्यक्ष, सतनाम सेवा पथरिया) एवं श्री राधेश्याम मारखण्डे जी ( पार्षद,नगर पंचायत सरगांव) सहित समाज के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।

समाज सेवा और समानता की प्रेरणास्रोत थीं मां मिनीमाता

मां मिनीमाता जी ने समाज के वंचित एवं पिछड़े वर्गों के उत्थान, शिक्षा के प्रसार और सामाजिक समानता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित यह कार्यक्रम नई पीढ़ी को उनके संघर्ष, विचारों और समाज सेवा की भावना से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा।

आयोजकों ने समस्त समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर मां मिनीमाता जी को श्रद्धासुमन अर्पित करने और उनके समाज सेवा, शिक्षा एवं समानता के संदेश को आगे बढ़ाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *