गुरु पूर्णिमा पर भाजपा मंडल सरगांव का समरसता उत्सव: 650 दीपों से आलोकित हुआ संत रविदास जयंती समारोह

संत रविदास के समता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प, आगामी कार्यक्रमों की बनी रूपरेखा।

सरगांव। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर भाजपा मंडल सरगांव द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास शासकीय महाविद्यालय, सरगांव में भव्य “समरसता उत्सव” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सामाजिक समरसता, गुरु परंपरा तथा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के समतामूलक एवं मानवता के संदेश को समर्पित रहा।

कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष पोषण यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू, नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि रामकुमार कौशिक, पूर्व पार्षद रामफल लहरी, समिति अध्यक्ष विनोद भारती, पार्षद प्रतिनिधि भुवनेश्वर कौशिक, रघु सिंह ठाकुर सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आगामी 20 फरवरी तक आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई। वक्ताओं ने संत रविदास के समता, सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और मानव कल्याण के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया तथा सभी कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता की अपील की।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण संत रविदास जी की 650वीं जयंती के प्रतीक स्वरूप 650 दीपों का सामूहिक प्रज्वलन रहा। दीपों की मनोहारी रोशनी से पूरा परिसर भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण से आलोकित हो उठा। इसके पश्चात संत रविदास जी की आरती की गई तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।

समापन अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर गुरु परंपरा का सम्मान करते हुए संत रविदास जी के बताए समता, सद्भाव, सामाजिक समरसता और मानव सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ मेहर समाज की ओर से महेंद्र पठारी, तोरण कर्माकर, हरीशंकर लहरी, ललित पठारी, गिरजा लहरी, गौरी पठारी, चंद्रिका पठारी, सुचित्रा पठारी, मोहन लहरी, मुकेश पठारी और कामता पठारी सहित समाज के अनेक सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने सामाजिक समरसता को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *