सरगांव। नगर पंचायत सरगांव के उपाध्यक्ष के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूजा कमल कौशिक ने निर्णायक जीत हासिल की। भाजपा प्रत्याशी को कुल 9 मत मिले, जिससे वे उपाध्यक्ष के रूप में निर्वाचित हुईं। कांग्रेस के 8 पार्षदों के बीच एक बार फिर क्रॉस वोटिंग की परंपरा देखने को मिली, लेकिन भाजपा ने अपने समीकरण और विकास के एजेन्डे के बल पर बाजी मारी।

पूर्व उपाध्यक्ष स्व. रामकुमारी कौशिक के आकस्मिक निधन के बाद रिक्त हुए इस पद के लिए भाजपा ने उनकी पुत्रवधू पूजा कमल को उम्मीदवार बनाया था। विहित परंपरा और भावनात्मक जुड़ाव के चलते यह जीत खास रही और उनकी सासु माँ की जयंती के दिन उन्हें उपाध्यक्ष के रूप में सफलता मिली, जिसे पार्टी कार्यकर्ता और परिवारजन शुभ संकेत के रूप में ले रहे हैं। इस अवसर पर पूजा कमल ने कहा कि यह जीत केवल उनकी नहीं, बल्कि माँ रामकुमारी कौशिक जी के अधूरे सपनों की पूर्ति है; वे जनसेवा, विकास और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेंगी।

वंही पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक बिल्हा धरमलाल कौशिक ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंच पूजा कौशिक को बधाई दी और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की। उन्होंने कहा कि “आपके नेतृत्व, समर्पण और जनसेवा के भाव से सरगांव में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित होंगे।”
जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर ने जीत को पार्टी की संगठन शक्ति और स्थानीय नीतियों के प्रति जनता के विश्वास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि “यह जीत स्थानीय समस्याओं के समाधान में भाजपा की प्रतिबद्धता और जमीन पर चल रही योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव का प्रमाण है।” कैलाश सिंह ने साथ ही मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया और नए उपाध्यक्ष से शीघ्र ही चयनित वादों पर काम शुरू करने की अपेक्षा जताई।

मण्डल अध्यक्ष पोषण यादव ने कहा कि यह लगातार दूसरी बार है जब मंडल के कुशल नेतृत्व में भाजपा ने नगर पंचायत में मजबूती दिखाई है। उन्होंने जीत का श्रेय समर्पित कार्यकर्ताओं और दूरदर्शी रणनीति को देते हुए कहा कि “स्थानीय संगठन, कार्यकर्ता और पारदर्शी नेतृत्व के कारण ही ऐसी जीत संभव हुई है। हम जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे।”
नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू ने नई उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि उनका सहयोग और समन्वय सरगांव विकास के कामों को गति देगा। प्रदेश मंत्री (अल्पसंख्यक मोर्चा) रणजीत सिंह और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेन्द्र शर्मा ने भी पूजा कौशिक को शुभकामनाएँ दीं। उपाध्यक्ष पद पर विजय के बाद भाजपा मंडल सरगांव के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत कार्यालय के बाहर खुशी मनाई; मिठाइयां बांटी गईं और आतिशबाजी की गई। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेन्द्र शर्मा, जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर, मण्डल अध्यक्ष पोषण यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू,प्रदेश मंत्री अल्पसंख्यक मोर्चा रणजीत सिंह,पार्षद महेश साहू, सविता कौशिक,सुषमा पोषण यादव, जमुना पांडे, सुनीता पवन साहू, मनोज यादव,के साथ ही राम जुड़ावन साहू, रामकुमार कौशिक,पंकज वर्मा,चंद्रशेखर कौशिक काली, कमल अग्रवाल, तरुण अग्रवाल, विष्णु राजपूत,ब्रजेश शर्मा,रामकुमार गायकवाड़, नवाब खान,असद मोहम्मद,निखिल कौशिक, दुर्गेश वर्मा,सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, व ज्येष्ठ श्रेष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

8 पार्षदों वाले कांग्रेस ब्लॉक में क्रॉस वोटिंग की परंपरा ने एक बार फिर से चुनावी नतीजे पर असर डाला। स्थानीय सूत्रों के अनुसार,एक पार्षद ने व्यक्तिगत और विकास संबंधी आश्वासनों को ध्यान में रख कर भाजपा के पक्ष में मतदान किया।जीत पश्चात नगर पंचायत की नवीन टीम जल्द ही स्थानीय विकास परियोजनाओं, जल और स्वच्छता योजनाओं तथा शहरी सुविधाओं के सुधराव पर प्राथमिकता के साथ काम शुरू करेगी, और भाजपा ने आश्वासन दिया है कि वे पारदर्शी तरीके से जनता के मुद्दों का निस्तारण करेंगे।


