सरगांव में अन्तर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार, 57 नाइट्रा टेबलेट जप्त—क़ीमत करीब 2.47 लाख
सरगांव : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत थाना सरगांव एवं सायबर सेल ने 21 जून 2026 को सूखे नशे पर बड़ी कार्यवाही की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान में अंतरराज्यीय आरोपी को पकड़ा गया और प्रतिबंधित नशीली टेबलेट जब्त की गईं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नगर पंचायत के तिराहा, सरगांव बस्ती मोड़ के पास एक व्यक्ति ग्रे रंग का पिट्ठू बैग रखकर ग्राहकों को तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर सायबर सेल व सरगांव पुलिस ने तिराहा के पास संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। व्यक्ति ने अपने आप को मोहम्मद साजिद (उम्र 37) पुत्र स्व. शहनवाज, निवासी रांची (गोदड़ी चौक, थाना लोहर बाजार) तथा हाल मुकाम ग्राम नुनेरा, थाना पाली, जिला कोरबा बताया।

संदेही की तलाशी में जेब से नकद ₹4,900 और पिट्ठू बैग के अंदर पारदर्शी पन्नी में पैक NRx Nitrazepam (Nitrosun® 10) की 6 स्ट्रिप्स—कुल 57 नशीली टेबलेट बरामद हुईं। इन टेबलेट्स का अनुमानित मूल्य ₹2,46,540 आंका गया। बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आरोप धारा 21(B), 22(B), 29 नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को देहाती नालसी के बाद 22 जून 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की पहचान जारी है।
मुंगेली पुलिस ने कहा है कि “ऑपरेशन बाज” के तहत अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री, परिवहन और सेवन पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्यवाही में मुख्य भूमिका–उपनिरीक्षक संतोष शर्मा (थाना प्रभारी सरगांव), सउनि निर्मल घोष, प्रआर यशवंत डाहिरे, आर. राहुल यादव, राकेश बंजारे, राहुल कांत कश्यप, गिरिराज परिहार और रवि मिंज ने इस कार्यवाही में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


