“हर चेहरे पर मुस्कान — हर व्यक्ति को सम्मानजनक जीवन देने का संकल्प”-परमानन्द साहू

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की जनकल्याणकारी सोच का साकार रूप: सरगांव में दो जरूरतमंदों को व्हीलचेयर प्रदान

सरगांव. नगर पंचायत सरगांव द्वारा आवश्यकता एवं दिव्यांगजनों की सहूलियत के लिए वार्ड क्रमांक 13 निवासी श्रीमती निर्मला देवी देवार और वार्ड क्रमांक 15 निवासी श्री प्रदीप कुमार यादव को व्हीलचेयर प्रदान किए गए। दोनों हितग्राहियों को शारीरिक असक्षमता के कारण दैनिक क्रियाकलापों और आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

व्हीलचेयर प्राप्त होने पर हितग्राहियों एवं उनके परिजनों ने खुशी व्यक्त करते हुए नगर पंचायत का धन्यवाद किया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू ने बताया कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास व जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निरंतर प्रयासों में लगी है। शासन की मंशा के अनुरूप जरूरतमंदों, दिव्यांगजनों और वंचित वर्गों की सहायता करना नगर पंचायत की प्राथमिकता है।

परमानंद साहू ने कहा कि दिव्यांगजनो को सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना समाज का नैतिक दायित्व है। “हर चेहरे पर मुस्कान और हर व्यक्ति के जीवन में सुविधा, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता बनी रहे, यही हमारा सतत प्रयास है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की संवेदनशील और जनहितैषी सोच से प्रेरित होकर हम जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं।”

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद मनोज यादव, पार्षद प्रतिनिधि पवन साहू सहित वार्ड के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे प्रयास समाज के कमजोर तथा जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *