सरगांव। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत सरगांव कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बेल का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष परमानन्द साहू, मुख्य नगरपालिका अधिकारी घनश्याम शर्मा, मंडल अध्यक्ष पोषण यादव, पार्षदगण तथा नगर पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने व्यापक भागीदारी दिखाई।

इस अवसर पर अध्यक्ष परमानन्द साहू ने कहा कि”वृक्ष पृथ्वी के जीवनदाता हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। आइए, हम सभी अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण करें।” उन्होंने नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का विशेष आग्रह किया।

मुख्य नगरपालिका अधिकारी घनश्याम शर्मा ने कहा कि स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने पौधारोपण को केवल एक दिवस का आयोजन न मानते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी बताया।

कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गणमान्यों में कन्हैया पाण्डेय, मनोज यादव, महेश साहू, परविंदर सिंह खालसा, शैलेन्द्र साहू, जमुना पांडे, सविता कौशिक, सुनीता साहू, पवन साहू सहित पार्षदगण व नगर पंचायत के कर्मचारीगण रहे। सभी उपस्थितजनोंने “एक पेड़ माँ के नाम, एक पेड़ धरती के नाम” अभियान को सफल बनाने तथा निरंतर पौधारोपण करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण के साथ-साथ नागरिकों को पेड़ों की देखभाल, जल संरक्षण और स्वच्छता के महत्व पर भी जागरूक किया गया। नगर पंचायत ने आगामी दिनों में वृक्षारोपण और निगरानी के लिए सामुदायिक पहल तेज करने का आश्वासन दिया।


