Headlines

सरगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: फर्जी दस्तावेजों से 15 लाख की जमीन धोखाधड़ी करने वाला प्रॉपर्टी डीलर गिरफ्तार

सरगांव: मुंगेली जिले के थाना क्षेत्र सरगांव में सरगांव पुलिस की ओर से भूमि संबंधी धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में बड़ी सफलता हासिल की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भूमि का जाल बिछाकर लगभग 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी छगनलाल वर्मा पिता स्व. चैतराम (निवासी बलौदाबाजार, छ.ग.) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


जांच में पता चला कि आरोपी छगनलाल वर्मा ने डी.आर.एस. फर्म के पार्टनरों के साथ मिलकर ग्राम मदकू (खसरा नं. 245/2, 257 व 750/2, कुल रकबा 0.3380 हे.) में स्थित भूमि के संबंध में फर्जी विक्रयनामा, फर्जी आधारकार्ड व अन्य कुटरचित दस्तावेज तैयार कर भूमि स्वामी फिरंता दास पात्रे के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से पुनः पंजीयन व नामांतरण कराकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया। पीड़ित प्रार्थी सुनील छाबड़ा की शिकायत पर थाना सरगांव में बी.एन.एस. की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2), 61(2), 3(5) के तहत अपराध क्रमांक 41/26 पंजीबद्ध किया गया था।


विवेचना के दौरान पुलिस ने फर्जी विक्रयनामा, फर्जी आधारकार्ड व अन्य दस्तावेज जप्त किए। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से भूमि का नामांतरण कराकर विक्रय की राशि प्राप्त कर चुका है। इस आधार पर दिनांक 31.03.2026 को छगनलाल वर्मा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।


इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संतोष शर्मा (थाना प्रभारी सरगांव), प्र.आर. ज्वाला प्रसाद, आर. रिपीन बनर्जी, सुरज धुरी व रामू निषाद की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्यवाही एवं कड़ी जांच के निर्देश दिए थे, जिसके बाद सरगांव पुलिस ने यह बड़ी सफलता हासिल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *