Headlines

सरगांव गुरुद्वारा में ऐतिहासिक रक्तदान शिविर,सड़क सुरक्षा का संदेश भी

सिख समाज की अनूठी सेवा: गुरु गोबिंद सिंह जयंती पर 76 यूनिट रक्तदान

प्रधान हृदयाल सिंह ने युवाओं को दिया बलिदान की प्रेरणा

सरगांव। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंती एवं उनके चार साहिबजादों के शहीदी दिवस पर सिख समाज ने मानव सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सरगांव के तत्वावधान में रविवार को आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 76 रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया, जो क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए वरदान साबित हुआ।

नगर पंचायत सरगांव के नवीन निर्माणाधीन गुरुद्वारा परिसर में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में ब्लड बैंक की टीम ने व्यवस्थित रूप से रक्त संग्रह किया। विशेष रूप से सिख समाज के युवाओं, महिलाओं, बच्चों और पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे सेवा भावना का अनूठा संगम देखने को मिला।रक्तदाताओं को सम्मानित करने के साथ ही उन्हें हेलमेट भेंट कर सड़क सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया गया।

गुरु सिंह सभा के प्रधान हृदयाल सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि “श्री गुरु गोबिंद सिंह जी और उनके चारों साहिबजादों का बलिदान हमें सिखाता है कि सच्ची सेवा ही जीवन का मूल मंत्र है। उनके त्याग की प्रेरणा से हमें मानव कल्याण के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।” उन्होंने युवाओं से रक्तदान जैसे नेक कार्यों में निरंतर भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि यह सेवा भाव ही समाज को मजबूत बनाएगा।

कार्यक्रम में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के कमलजीत हूरा, रणजीत सिंह हूरा, कुलजीत हुरा, परविंदर सिंह खालसा, हरलीन सिंह, ऋषभ हूरा, गुरप्रीत हूरा, सुप्रीत हुरा, शैलेन्द्र सिंह, परमीत सिंह, जसमीत सिंह, हर्षित सिंह, श्रीराम जुनेजा सहित सिख समाज के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। यह आयोजन सिख ईसमुदाय की सामाजिक प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *