शहीद छत्रधारी जांगड़े की पत्नी को मुंगेली समारोह में बुलाकर किया सम्मानित
सरगांव । सरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मच्हा के शहीद स्वर्गीय छत्रधारी जांगड़े की पत्नी श्रीमती चुलेश जांगड़े के सम्मान में पुलिस ने गणतंत्र दिवस को अविस्मरणीय बना दिया। वर्तमान में उसलापुर, बिलासपुर में रह रहीं श्रीमती जांगड़े से सरगांव थाना स्टाफ ने घर जाकर सम्मानपूर्वक भेंट की और 26 जनवरी को जिला मुख्यालय मुंगेली के समारोह में शिरकत का निमंत्रण दिया।
शासकीय वाहन से सम्मान यात्रा, भावुक पल बने यादगार
थाना प्रबंधन ने शासकीय वाहन की पुख्ता व्यवस्था कर श्रीमती जांगड़े को मुंगेली पहुंचाया। समारोह में उन्हें विशेष अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया, जो न सिर्फ शहीद के बलिदान को सलाम था, बल्कि उनके परिवार के प्रति पुलिस की संवेदना का प्रतीक भी। कार्यक्रम के बाद सुरक्षित और आदर से उन्हें निवास तक पहुंचाया गया।
नक्सली मुठभेड़ में शहीद हुए छत्रधारी, 18 साल बाद भी जिंदा स्मृति
ज्ञात हो कि शहीद छत्रधारी जांगड़े थाना सरगांव अंतर्गत ग्राम मच्हा के निवासी थे। वे छत्तीसगढ़ स्पेशल टास्क फोर्स (छसबल) में तैनात थे। 20 दिसंबर 2007 को बस्तर के भोलापल्ली (कोंटा ) में नक्सली मुठभेड़ के दौरान उन्होंने अमर होकर सर्वोच्च बलिदान दिया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया था।
इस सम्मान से गदगद श्रीमती चुलेश जांगड़े भावुक हो उठीं। उन्होंने सरगांव थाना और पुलिस प्रशासन का हृदय से आभार जताया। उन्होंने कहा कि “शहीद पति की स्मृति को ऐसा जीवंत रखने के लिए पुलिस का शुक्रिया,”। यह आयोजन न सिर्फ शहीदों के सम्मान का प्रतीक है, बल्कि समाज में पुलिस-नागरिक एकता को मजबूत करने वाला भी।


