क्रेडा विभाग द्वारा तीन नवीन सौर हाईमास्ट सयंत्र किया गया स्थापित
सरगांव/मुंगेली। छत्तीसगढ़ के हरिहर क्षेत्र में स्थित सांस्कृतिक धरोहर मदकूद्वीप अब सौर ऊर्जा के प्रकाश से जगमगा उठा है। क्रेडा द्वारा मकर संक्रांति पर घाट क्षेत्र, यज्ञशाला और मंदिर परिसर के पास तीन नवीन सौर हाईमास्ट संयंत्र स्थापित कर लोकार्पण किया गया। इससे रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था मजबूत हुई, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित व सुगम वातावरण मिलेगा।

कार्यक्रम में बिल्हा विधायक व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा और महात्यागी रामरूपदास मौजूद रहे।

विधायक कौशिक ने कहा, “यह लोकार्पण मदकूद्वीप के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण कदम है। सौर हाईमास्ट से न केवल रात्रि प्रकाश सुदृढ़ होगा, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा, जिससे ग्रामीणों की सुरक्षा और जीवन गुणवत्ता में सुधार आएगा। यह पर्यावरण संरक्षण व आत्मनिर्भर ग्राम निर्माण का उत्कृष्ट उदाहरण है।”

क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कहा, “मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर यह परियोजना पर्यटन स्थलों को पर्यावरण-अनुकूल बनाएगी, जो सतत विकास की दिशा में बड़ा कदम है।”
पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने इसे आस्था, इतिहास और विकास का त्रिवेणी संगम बताया और कहा कि इस पहल से पर्यटन, सुरक्षा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमुदाय में उत्साह, विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण स्पष्ट रूप से देखने को मिला जो इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से धरातल पर उतर रही हैं और आमजन के जीवन को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं समृद्ध बना रही हैं। मदकूद्वीप में सौर हाईमास्ट संयंत्रों की स्थापना निस्संदेह आस्था, पर्यटन और सतत विकास के सुंदर संगम का प्रतीक है, जो आने वाले समय में इस पावन स्थल को एक आदर्श पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य एमडी बड़गैया, जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष पोषण यादव, जनपद पंचायत सभापति मनीष साहू व रिजवान हक भी उपस्थित रहे।


