साइबर सेल की कुशलता से CEIR पोर्टल पर ट्रेस कर रिकवर किए फोन, एसपी भोजराम पटेल ने दिए स्वयं सुपुर्द
मुंगेली। पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के कुशल नेतृत्व में मुंगेली जिला पुलिस ने ‘गुम मोबाइल खोज अभियान‘ में बड़ी सफलता हासिल की। वर्ष के अंतिम दिन पुलिस ने विभिन्न जगहों से बरामद 110 मोबाइल फोन (मूल्य लगभग 16,50,000 रुपये) असली मालिकों को सौंपकर उन्हें नववर्ष की अनोखी सौगात दी।

CEIR पोर्टल और तकनीक का कमाल
एसपी श्री भोजराम पटेल ने बताया कि जिले के थानों में दर्ज गुम मोबाइल शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई के लिए साइबर सेल और थानों की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल का बेहतर उपयोग कर मोबाइल ट्रेस किए। कड़ी मेहनत से न सिर्फ मुंगेली बल्कि अन्य जिलों व राज्यों से भी फोन रिकवर किए गए।

साइबर सेल की शानदार भूमिका
रिकवरी प्रक्रिया में साइबर सेल प्रभारी व उनकी टीम का योगदान सराहनीय रहा। IMEI ट्रैकिंग और सर्विलांस से लोकेशन का पता लगाया गया। एसपी पटेल ने साइबर यूनिट की पीठ थपथपाई और उन्हें पुरस्कार देने की घोषणा की।

खुशी से चमके चेहरे
31 दिसंबर 2025 को एसपी कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित गरिमामय समारोह में एसपी श्री पटेल ने स्वयं मोबाइल धारकों को फोन सौंपे। खोया फोन लौटते ही आवेदकों के चेहरे खिल उठे। कईयों ने कहा, “उम्मीद नहीं थी कि फोन वापस मिलेगा।” उन्होंने मुंगेली पुलिस व एसपी का हृदय से धन्यवाद किया।

जनता के लिए एसपी की अपील
इस मौके पर एसपी भोजराम पटेल ने आमजन से अपील की:
🔹मोबाइल गुम होने पर घबराएं नहीं, तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
🔹खुद ceir.gov.in पोर्टल पर जाकर गुम मोबाइल की जानकारी अपलोड करें, ताकि दुरुपयोग रुके।



