Headlines

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचारों के खिलाफ सरगांव में बजरंग दल-विहिप का उग्र विरोध, पीएम यूनुस खान का पुतला दहन

सरगांव। बांग्लादेश में प्रधानमंत्री यूनुस खान सरकार के कार्यकाल में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों के खिलाफ सोमवार को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री यूनुस खान का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जाहिर किया तथा पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

प्रदर्शन नगर के प्रमुख बाजार चौराहे पर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में बजरंग दल, विहिप और हिंदू समाज के कार्यकर्ता एकत्रित हुए। कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा वहां रह रहे हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन के नेताओं ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में लगातार हिंदू मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा है, घरों में तोड़फोड़ हो रही है तथा महिलाओं और बच्चों पर भी अत्याचार किए जा रहे हैं।

विहिप के ब्रजेश शर्मा ने संबोधन में कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय भय के साये में जीने को मजबूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां की सरकार इन घटनाओं को रोकने में पूरी तरह विफल रही है। शर्मा ने भारत सरकार से अपील की कि वह इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाए और बांग्लादेश सरकार पर दबाव बनाए, ताकि हिंदुओं की जान-माल की रक्षा हो सके।

भाजपा मंडल अध्यक्ष पोषण यादव ने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा पीड़ित परिवारों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने चेतावनी दी कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ यह प्रदर्शन केवल एक चेतावनी है, अन्यथा बड़े अंजाम भुगतने पड़ेंगे।

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश मंत्री रणजीत सिंह हूरा ने कहा कि यूनुस खान द्वारा बढ़ावा दिए जा रहे अत्याचार अशोभनीय हैं और हम ऐसे कृत्यों की कड़ी निंदा करते हैं।

इस अवसर पर नरेंद्र शर्मा, पंकज वर्मा, शिव पांडेय, विशाल वर्मा, कमलेश अग्रवाल, महेंद्र साहू, तरूण अग्रवाल, राकेश बरगाह,निखिल कौशिक,सहित बड़ी संख्या में हिंदू समुदाय के लोग उपस्थित रहे।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर-पोस्टर थामे बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए नगर में रैली निकाली। पुतला दहन के समय कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *